कांग्रेस की जन आक्रोश यात्रा मंगलवार से होगी शुरू

भोपाल। मध्‍य प्रदेश विधानसभा के चुनाव अभियान के अंतर्गत कांग्रेस प्रदेश में मंगलवार 19 सितंबर से जन आक्रोश यात्रा निकालेगी। एक साथ सात स्थानों से यह यात्रा प्रारंभ होगी।

कांग्रेस की जन आक्रोश यात्रा मंगलवार से होगी शुरू

भोपाल। मध्‍य प्रदेश विधानसभा के चुनाव अभियान के अंतर्गत कांग्रेस प्रदेश में मंगलवार 19 सितंबर से जन आक्रोश यात्रा निकालेगी। एक साथ सात स्थानों से यह यात्रा प्रारंभ होगी। प्रत्येक विधानसभा क्षेत्र में एक बड़ी सभा और छोटी-छोटी नुक्कड़ सभाएं होंगी। इसकी तैयारियों को लेकर शुक्रवार को भोपाल में प्रदेश कांग्रेस प्रभारी रणदीप सिंह सुरजेवाला ने यात्रा प्रभारी, जिला अध्यक्ष, प्रभारी और संगठन मंत्रियों के साथ बैठक की। यात्रा के दौरान घर-घर भाजपा सरकार के विरुद्ध जारी पार्टी का आरोप पत्र वितरित किया जाएगा।

यात्रा के दौरान महंगाई, बेरोजगारी, भ्रष्टाचार, महिलाओं पर अत्याचार, अनुसूचित जाति-जनजाति और अन्य पिछड़ा वर्ग के उत्पीड़न की घटनाओं को मुद्दा बनाकर भाजपा सरकार को घेरा जाएगा। साथ ही शिवराज सरकार द्वारा की जा रही घोषणाओं की स्थिति भी जनता के बीच रखी जाएगी।साथ ही कांग्रेस की सरकार बनने पर विभिन्न वर्गों के हित में जो कदम उठाए जाएंगे, उसे भी प्रचारित किया जाएगा। यात्रा की पूरी रूपरेखा शनिवार को प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष कमल नाथ और प्रदेश प्रभारी रणदीप सिंह सुरजेवाला सार्वजनिक करेंगे।

गुटबाजी या असहयोग हुआ तो कार्रवाई होगी

सूत्रों के अनुसार बैठक में सभी पदाधिकारियों को स्पष्ट कर दिया है कि गुटबाजी या असहयोग की बात सामने आई तो कार्रवाई होगी। यह पार्टी को बहुत महत्वपूर्ण कार्यक्रम है। जिला अध्यक्ष इसकी पूरी व्यवस्था देखेंगे और प्रभारी समन्वय बनाएंगे। सभी संगठनों को इस यात्रा से जोड़ना है। कार्यकर्ता मतदाताओं से संपर्क करें और घर-घर आरोप पत्र का वितरण हो। यात्रा प्रभारी और सह यात्रियों का भोजन कार्यकर्ताओं के साथ होगा और रात्रि विश्राम के पहले बैठक भी होगी। यात्रा के लिए रथ शनिवार-रविवार तक पहुंचेंगे।