भोपाल.स्टार समाचार वेब.
राजधानी भोपाल के सूखी सेवनिया फायरिंग रेंज में मंगलवार को एक हादसा हो गया। ड्रोन से बम हमले के प्रशिक्षण के दौरान 37 वर्षीय हवलदार विजय सिंह के सिर पर एक डमी लोहे का बम गिर गया, जिससे उनकी मौत हो गई। वे उत्तराखंड के निवासी थे और बैरागढ़ स्थित सेना कार्यालय में पदस्थ थे।
मिली जानकारी के अनुसार, यह घटना उस समय हुई जब सेना के जवान ड्रोन के जरिए बम गिराने और उनसे बचने का अभ्यास कर रहे थे। अभ्यास के दौरान, आसमान में उड़ रहे एक ड्रोन से डमी बम अनियंत्रित होकर हवलदार विजय सिंह के सिर पर जा गिरा। सिर में गंभीर चोट लगने के बाद उन्हें तुरंत सेना के अस्पताल ले जाया गया, जहाँ इलाज के दौरान उन्होंने दम तोड़ दिया।
सूखी सेवनिया पुलिस ने इस मामले में मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी है। हालांकि कुछ रिपोर्ट्स में इस दौरान विस्फोट की भी बात कही जा रही है, पुलिस सभी पहलुओं से घटना की जांच कर रही है। यह घटना सैन्य प्रशिक्षण के दौरान सुरक्षा प्रोटोकॉल और उपकरणों की जांच पर गंभीर सवाल खड़े करती है।