राज्यपाल श्री मंगुभाई पटेल ने 'हिन्दीतर भाषी हिन्दी सेवी सम्मान समारोह' में कहा कि भाषा संस्कृति है और हिंदी व्यक्ति को सरल बनाती है। उन्होंने सम्मानितों से हिंदी प्रसार की भ्रामक चिंताओं को दूर करने का आह्वान किया। जानें पीएम मोदी के प्रयासों पर उनका बयान।
By: Ajay Tiwari
Oct 04, 20255:15 PM
भोपाल. स्टार समाचार वेब.
राज्यपाल मंगुभाई पटेल ने कहा है कि भाषा केवल विचारों की अभिव्यक्ति नहीं, बल्कि एक संपूर्ण संस्कृति है, जो व्यक्ति के व्यक्तित्व को सरल, सहृदय और संवेदनशील बनाती है।
राज्यपाल पटेल मध्यप्रदेश राष्ट्रभाषा प्रचार समिति द्वारा आयोजित 'हिन्दीतर भाषी हिन्दी सेवी सम्मान समारोह' को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने इस अवसर पर विभिन्न श्रेणियों में लेखकों, प्रशासनिक अधिकारियों, हिन्दी सेवा साधकों और युवा साहित्यकारों को पुरस्कार प्रदान कर सम्मानित किया और उनकी सराहना की।
राज्यपाल ने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में हिंदी की वैश्विक लोकप्रियता में हुई वृद्धि की सराहना की। उन्होंने कहा कि विश्व मंचों पर मोदी जी का हिंदी में बोलना इसकी लोकप्रियता का प्रमाण है। उन्होंने राष्ट्रीय शिक्षा नीति (NEP) और प्रदेश सरकार द्वारा इंजीनियरिंग और चिकित्सा जैसे तकनीकी विषयों की पढ़ाई हिंदी में शुरू करने की पहल को भी सराहा।
पटेल ने सम्मानित हिन्दीतर भाषी (गैर-हिंदी भाषी) लोगों से विशेष अनुरोध किया कि वे हिंदी और क्षेत्रीय भाषाओं के बीच समन्वय स्थापित करें। उन्होंने उनसे संवाद सूत्र बनकर हिंदी के प्रसार से जुड़ी भ्रामक शंकाओं और चिंताओं को दूर करने के प्रयासों का नेतृत्व करने का आह्वान किया। उन्होंने स्वामी दयानंद, महात्मा गांधी और प्रधानमंत्री मोदी का उदाहरण दिया, जिन्होंने हिंदी के सामर्थ्य से देश की सांस्कृतिक विविधता को एक सूत्र में पिरोया है।
समारोह का शुभारंभ माँ सरस्वती का पूजन और दीप प्रज्ज्वलन करके किया गया। इस अवसर पर प्रचार समिति के संपादक डॉ. मनोज श्रीवास्तव और अध्यक्ष रघुनंदन शर्मा ने भी अपने विचार व्यक्त किए।