गंजबासौदा। शासकीय प्राथमिक शाला विसकावली में पदस्थ सहायक शिक्षक अरविंद तिवारी को सेवानिवृत्ति पर समारोह पूर्वक विदाई दी गई। शनिवार को संकुल केंद्र शासकीय हाई स्कूल फ्रीगंज में संकुल अंतर्गत आने वाली प्राथमिक शाला विसकावली के सहायक शिक्षक अरविंद तिवारी को उनकी सेवानिवृत्ति पर आयोजन कर विदाई दी गई। कार्यक्रम की अध्यक्षता संस्था की प्राचार्य सुनीता पाराशर ने की एवं कार्यक्रम में विकासखंड स्रोत समन्वयक बृजेंद्र सिंह रघुवंशी तथा पूर्व प्राचार्य पी एस जाटव मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। सरस्वती पूजन के पश्चात विदाई समारोह का संचालन कर रहे योग गुरु संदेश मिश्रा ने सेवानिवृत शिक्षक अरविंद तिवारी के सेवा कॉल के दौरान उनके व्यक्तित्व एवं कृतित्व पर प्रकाश डाला।
शिक्षक मनीष अरोरा एवं मनोहर शर्मा ने सर्वप्रथम सेवानिवृत हो रहे शिक्षक का शाल श्रीफल एवं उपहार भेंट कर सम्मान किया। इसके पश्चात बड़ी संख्या में उपस्थित ग्राम विसकावली के ग्रामीणजनों एवं कार्यक्रम में उपस्थित अन्य शिक्षक शिक्षिकाओं द्वारा सेवानिवृत शिक्षक अरविंद तिवारी को पुष्पमाला एवं शाल श्रीफल एवं उपहार देकर सम्मान किया। कार्यक्रम में विकासखंड शिक्षा अधिकारी के प्रतिनिधि के रूप में संजय चौबे सहित बड़ी संख्या में शिक्षक, शिक्षक नेता उपस्थित थे। सभी ने सेवानिवृत शिक्षक अरविंद तिवारी के भावी जीवन के लिए शुभकामनाएं दीं। शिक्षक मनीष अरोरा ने आभार व्यक्त किया।