गंजबासौदा। लगदा गांव का शासकीय हाई स्कूल छात्रों की जान के लिए खतरा बन गया है। स्कूल की बिल्डिंग एक करोड़ की लागत से बनी थी। अभी यह गारंटी पीरियड में है। इसके बावजूद छत से पानी टपक रहा है। दीवारों में सीलन आ गई है। रंग-रोगन उखड़ चुका है। हालत देखकर लगता है जैसे यह भवन कई दशक पुराना हो। छात्रों ने बताया कि प्लास्टर गिरना आम बात हो गई है। पढ़ाई के दौरान डर बना रहता है कि कब क्या गिर जाए। स्कूल के बाहर नाली की हालत भी खराब है। बच्चे नाली पार करते समय गिरने से डरते हैं। एक चूक से गंभीर चोट लग सकती है।
प्राचार्य पीएस नामदेव ने बताया कि ठेकेदार से कई बार मरम्मत के लिए कहा गया, लेकिन कोई कार्रवाई नहीं हुई। स्कूल प्रशासन की लापरवाही से छात्र खतरे में हैं। बाथरूम की हालत भी बेहद खराब है। अंदर इतनी गंदगी है कि छात्र उसका उपयोग नहीं कर पाते। उन्हें बाहर जाना पड़ता है। इससे उनकी सेहत पर असर पड़ सकता है।
स्कूल में भ्रष्टाचार की पराकाष्ठा
गांव के लोगों का कहना है कि स्कूल में भ्रष्टाचार की पराकाष्ठा दिख रही है। निर्माण में गुणवत्ता का ध्यान नहीं रखा गया। फंड का सही उपयोग नहीं हुआ। ग्रामीणों ने मांग की है कि मरम्मत के लिए ठेकेदार पर दबाव बनाया जाए। साथ ही भ्रष्टाचार की जांच कर दोषियों पर कार्रवाई हो।