मध्य प्रदेश के बालाघाट में जिला बल, हॉकफोर्स और सीआरपीएफ जवानों और नक्सलियों के बीच मुठभेड़ में मारे गए चारों नक्सली हार्डकोर थे। नक्सलियों के पास से बरामद ग्रेनेड लांचर समेत अन्य हथियारों से पता चलता है कि वह किसी बड़ी साजिश की तैयारी में थे, जिसे सुरक्षा बलों ने नाकाम कर दिया।
By: Prafull tiwari
Jun 16, 20255 hours ago
भोपाल। स्टार समाचार बेव
मध्य प्रदेश के बालाघाट में जिला बल, हॉकफोर्स और सीआरपीएफ जवानों और नक्सलियों के बीच मुठभेड़ में मारे गए चारों नक्सली हार्डकोर थे। नक्सलियों के पास से बरामद ग्रेनेड लांचर समेत अन्य हथियारों से पता चलता है कि वह किसी बड़ी साजिश की तैयारी में थे, जिसे सुरक्षा बलों ने नाकाम कर दिया। दरअसल, बालाघाट जिले के रूपझर थाना क्षेत्र के पचामादादर-कटे झिरिया के जंगल में मारे गए चार नक्सलियों में से दो की अब पहचान हो गई है। इन दोनों पर 14-14 लाख का इनाम घोषित था। दो अन्य महिला नक्सलियों की शिनाख्त के प्रयास किए जा रहे हैं। आईजी बालाघाट संजय कुमार ने खुलासा करते हुए कहा कि अब तक दो नक्सलियों की पहचान हो गई है। इनमें छत्तीसगढ़ के बस्तर का रहने वाला रवि कुमार और महाराष्ट्र के गढ़चिरौली की रहने वाली रीता शामिल है। दोनों नकस्ली मलाजखंड दलम के एसीएम थे, उन पर 14-14 लाख का इनाम घोषित था। दो अन्य महिला नक्सलियों की पहचान अब तक नहीं हो सकी है। उनके बारे में जानकारी जुटाई जा रही है। सभी पर 106 अपराध दर्ज थे। इधर, पुलिस-प्रशासन का दावा है कि मध्यप्रदेश में तीन साल में 21 नक्सली ढेर किए गए हैं। इसमें अधिकांश हार्डकोर नक्सली थे। इस साल 10 फरवरी के बाद ये दूसरा मौका है, जब पुलिस को माओवादियों का बनाया ग्रेनेड लांचर मिला है। फरवरी में सुरक्षाबलों को माहुरदल्ली के जंगल में नक्सली डंप से पहली बार ग्रेनेड लॉचर मिला था।
घने जंगल में भाग निकले माओवादियों की सर्चिंग के लिए सघन अभियान चलाया जा रहा है। इससे पहले 19 फरवरी को गढ़ी के सुपखार वनक्षेत्र के रौंदा जंगल में जवानों ने मुठभेड़ में 63 लाख की इनामी चार हार्डकोर महिला नक्सलियों को ढेर किया गया था।
सीएम डॉ. मोहन यादव का कहना है कि नक्सलियों का अंजाम या तो आत्मसमर्पण है या उन्हें मौत के घाट उतारा जाएगा। पीएम नरेंद्र मोदी और गृह मंत्री अमित शाह के मार्गदर्शन में मध्य प्रदेश मार्च 2026 तक नक्सलवाद को समाप्त करने के संकल्प की दिशा में तेजी से काम कर रहा है। पूर्व में ऐसे सफल आपरेशन पर शासन ने जवानों को पदोन्नत किया था। इस आपरेशन में भी अच्छा परिणाम देने वाले पुलिस अधिकारियों व कर्मियों को एमपी सरकार पुरस्कृत करेगी।