सैन फ्रांसिस्को से मुंबई जा रहे एअर इंडिया के विमान में अचानक तकनीकी खराबी आ गई, जिसके कारण यात्रियों को कोलकाता में ही प्लेन से नीचे उतारना पड़ा। विमान का एक इंजन खराब हो गया था।
By: Arvind Mishra
Jun 17, 20255 hours ago
कोलकाता। स्टार समाचार बेव
सैन फ्रांसिस्को से मुंबई जा रहे एअर इंडिया के विमान में अचानक तकनीकी खराबी आ गई, जिसके कारण यात्रियों को कोलकाता में ही प्लेन से नीचे उतारना पड़ा। विमान का एक इंजन खराब हो गया था। ऐसे में प्लेन को कोलकाता एअरपोर्ट पर लैंड करवाया गया और सभी यात्रियों को फ्लाइट से नीचे उतार दिया गया। यह घटना मंगलवार की है। दरअसल, फ्लाइट नंबर एआई-180 कोलकाता होते हुए मुंबई जा रही थी। बोइंग 777-200 एलआर विमान 17 जून को रात 12:45 बजे समय पर कोलकाता पहुंचा था। इसे मुंबई के लिए रात 2:00 बजे रवाना होना था। विमान के बाएं इंजन में तकनीकी खराबी आने के कारण टेकआफ में देरी हुई। इसके बाद सुबह करीब 5:20 बजे कैप्टन ने यात्रियों से कहा गया कि वे प्लेन से नीचे उतर जाएं। उन्होंने बताया कि यह फैसला फ्लाइट सेफ्टी को ध्यान में रखते हुए लिया गया है।
16 जून: सोमवार को हॉन्गकॉन्ग से दिल्ली आ रही फ्लाइट और दिल्ली से रांची जा रही एअर इंडिया की दो फ्लाइट्स को वापस लौटना पड़ा था।
पहली फ्लाइट: हॉन्गकॉन्ग से दिल्ली आ रही एअर इंडिया की फ्लाइट (नंबर अक315) वापस लौट गई थी। इसमें तकनीकी खराबी की बात सामने आई थी। यह उड़ान बोइंग 787-8 ड्रीमलाइनर की थी।
दूसरी फ्लाइट: दिल्ली से रांची जाने वाली एअर इंडिया एक्सप्रेस की एक फ्लाइट को संदिग्ध तकनीकी समस्या के कारण उड़ान भरने के तुरंत बाद वापस दिल्ली डायवर्ट कर दिया गया। बोइंग 737 मैक्स 8 विमान को शाम 6:20 बजे रांची के बिरसा मुंडा हवाई अड्डे पर उतरना था।
15 जून: रविवार को भारत आ रहे बोइंग के दो ड्रीमलाइनर प्लेन बीच रास्ते से लौट गए थे। इनमें से एक फ्लाइट लंदन से चेन्नई और दूसरी जर्मनी के फ्रैंकफर्ट से हैदराबाद आ रही थी। दोनों की सोमवार को लैंडिंग होनी थी।
पहली फ्लाइट: ब्रिटिश एयरवेज के चेन्नई आ रहे बोइंग 787-8 ड्रीमलाइनर को तकनीकी खराबी के चलते लौटना पड़ा।
दूसरी फ्लाइट: लुफ्थांसा एयरलाइन (जर्मनी) के बोइंग 787-9 ड्रीमलाइनर को बम से उड़ाने की धमकी मिली थी। इसके चलते प्लेन को लैंडिंग की परमिशन नहीं मिली और लौटना पड़ा।
घटना पांच दिन पहले अहमदाबाद के सरदार वल्लभभाई अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे से लंदन के गैटविक हवाई अड्डे के लिए उड़ान भरने वाले एअर इंडिया के विमान एआई-171 के उड़ान भरने के कुछ ही सेकंड बाद बीजे मेडिकल कॉलेज के छात्रावास भवन से टकराने के बाद हुई। दुर्घटनाग्रस्त हुए एअर इंडिया के विमान में 230 यात्री, 10 केबिन क्रू सदस्य और दो पायलट सहित 242 लोग सवार थे। ब्रिटिश नागरिक विश्वास कुमार रमेश को छोड़कर सभी की मौत हो गई थी।