:पिपरिया में पूर्व सैनिक एसोसिएशन ने कहा- घाट किनारे गंदगी न फैलाएं
By: Gulab rohit
Nov 02, 202510:20 PM
पिपरिया। पिपरिया में पूर्व सैनिक एसोसिएशन और अमृत सेवकों ने रविवार दोपहर सांडिया घाट स्थित मां नर्मदा के तट पर सफाई अभियान चलाया। इस दौरान तट से एक ट्रॉली कचरा एकत्र किया गया।
अभियान में लगभग 80 लोगों ने दो घंटे तक नदी किनारे फैले कचरे को इकट्ठा किया। उन्होंने लोगों को नर्मदा तट को स्वच्छ रखने के लिए प्रेरित किया।
लोगों से अपील- घाट पर गंदगी न फैलाएं
इस सफाई अभियान के माध्यम से लोगों को यह संदेश भी दिया गया कि कार्तिक पूर्णिमा पर सांडिया घाट में विशाल मेला लगता है, जिसमें लाखों श्रद्धालु आते हैं। मेले के बाद घाट पर गंदगी के ढेर लग जाते हैं।
भूतपूर्व सैनिक निरंजन वैष्णव और अमृत सेवक सुखदेव कालोटी ने कहा कि मां नर्मदा जीवनदायिनी हैं। हम यहां आस्था और विश्वास के साथ आएं, लेकिन कचरा छोड़कर न जाएं।
इस अभियान में युवा, पूर्व सैनिक एसोसिएशन के पदाधिकारी और सदस्य, अमृत सेवा समिति सहित अन्य समाजसेवी शामिल हुए। आसपास के ग्रामीणों को भी घाट की सफाई का ध्यान रखने के लिए प्रेरित किया गया।