गंजबासौदा। मानसून की दस्तक के बीच नगर पालिका का नाला सफाई अभियान अधूरा है। समय पर काम पूरा न होने पर नगर पालिका को किराए की पोकलेन मशीन लगानी पड़ी। 13 जून को नगर पालिका अध्यक्ष शशि यादव के निर्देश पर स्वास्थ्य विभाग ने मोतिया नाले की सफाई के लिए पोकलेन मशीन लगाई। वार्ड क्रमांक 1 रामनगर की पुलिया पर पोकलेन मशीन से नाले से कचरा निकाला जा रहा है। जेसीबी और ट्रैक्टर-ट्रालियों से कचरा भरवाया जा रहा है। नाला बड़ा है, सफाई में कम से कम एक सप्ताह लगेगा।
इस कार्य का निरीक्षण सांसद प्रतिनिधि देवेंद्र यादव, नेता
प्रतिपक्ष जगदीश व्यास, वार्ड क्रमांक 6 के पार्षद मनीष विश्वकर्मा और वार्ड क्रमांक 1 की पार्षद मंजू कुशवाहा ने किया। सफाई की जानकारी स्वच्छता
निरीक्षक जावेद खान ने दी।
नगर पालिका की जेसीबी और कर्मचारी सफाई अभियान पूरा करने में असफल रहे। मानसून प्रदेश के कई हिस्सों में पहुंच
चुका है। ऐसे में नगर पालिका अब तेजी से सफाई अभियान पूरा करने में जुटी है। ताकि नालों के किनारे बस्तियों में जल भराव की स्थिति न बने।