कटक स्थित एससीबी मेडिकल हॉस्पिटल में आज तड़के भीषण आग लगने से बड़ा हादसा हो गया। यह हृदयविदारक घटना अस्पताल के एक वार्ड में हुई, जिसमें प्रारंभिक जानकारी के अनुसार 10 मरीजों की मौत हो गई, जबकि 5 अन्य मरीजों की हालत गंभीर बताई जा रही है।
By: Arvind Mishra
Mar 16, 20269:41 AM

कटक। स्टार समाचार वेब
कटक स्थित एससीबी मेडिकल हॉस्पिटल में आज तड़के भीषण आग लगने से बड़ा हादसा हो गया। यह हृदयविदारक घटना अस्पताल के एक वार्ड में हुई, जिसमें प्रारंभिक जानकारी के अनुसार 10 मरीजों की मौत हो गई, जबकि 5 अन्य मरीजों की हालत गंभीर बताई जा रही है। घटना की जानकारी पुलिस कमिश्नर ने दी है। देर रात जब अस्पताल में भर्ती मरीज और उनके परिजन सो रहे थे, उसी समय अचानक आग लग गई। आग लगने के बाद स्थिति कुछ ही देर में बेकाबू हो गई और मरीजों में अफरा-तफरी मच गई।
आग बुझाने का प्रयास जारी
आग लगते ही अस्पताल के कर्मचारी और अग्निशमन दल तुरंत सक्रिय हो गए। सबसे पहले अस्पताल की अपनी फायर यूनिट ने आग बुझाने का प्रयास किया, बाद में बाहर से तीन दमकल गाड़ियां भी मौके पर पहुंचीं। धुआं और आग के कारण कई मरीजों को भारी नुकसान हुआ। आईसीयू में भर्ती गंभीर मरीजों को तुरंत सुरक्षित स्थान पर ले जाया गया। गंभीर रूप से बीमार मरीजों को अस्पताल के न्यू मेडिसिन आईसीयू में शिफ्ट किया गया।
25-25 लाख रुपए मुआवजा
ओडिशा के सीएम सुबह घायलों को देखने के लिए हॉस्पिटल पहुंचे। उन्होंने मृतकों के परिवारों को 25-25 लाख रुपए मुआवजा देने का ऐलान किया है। साथ ही हादसे की हाई लेवल जांच का आदेश दिया है। श्रीराम चंद्र भांजा मेडिकल कॉलेज कटक का सबसे बड़ा अस्पताल है। यहां पूरे राज्य से लोग इलाज करवाने के लिए आते हैं।