प्रस्ताव, युद्ध विराम
By: Sandeep malviya
May 27, 202511:05 PM
वॉशिंगटन। यूक्रेन पर लगातार हो रहे रूस के हमलों को लेकर अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने रूसी राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन को चेतावनी दी है। ट्रंप ने कहा कि रूसी राष्ट्रपति आग से खेल रहे हैं। ट्रंप ने ट्रुथ सोशल पर लिखा कि व्लादिमीर पुतिन को यह अहसास नहीं है कि अगर मैं नहीं होता तो रूस में पहले ही बहुत बुरी चीजें हो चुकी होतीं। मेरा मतलब है कि बहुत बुरी चीजें। वह आग से खेल रहे हैं। इससे पहले ट्रंप ने सोमवार को कहा था कि वह अपने रूसी समकक्ष व्लादिमीर पुतिन को लेकर अब सब्र खोते जा रहे हैं। मेरा रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन के साथ हमेशा बहुत अच्छा संबंध रहा है। लेकिन अब उनके साथ कुछ तो हुआ है। उनकी मति मारी गई है। अमेरिकी राष्ट्रपति ने कहा कि राष्ट्रपति पुतिन बेवजह बड़ी संख्या में लोगों की जान ले रहे हैं। यूक्रेन के शहरों पर बिना किसी कारण के मिसाइल और ड्रोन से हमले किए जा रहे हैं।
अमेरिका के संघर्ष विराम की कोशिशें नाकाम
अमेरिका की अगुवाई में संघर्ष विराम और शांति वार्ता के लिए कई महीने की कोशिशों के बावजूद इसका कोई ठोस परिणाम नहीं निकला है। रूस और यूक्रेन के प्रतिनिधियों के इस महीने तुर्की में हुए पहले सीधे संवाद के बाद, केवल एक समझौता बंदी अदला-बदली का हुआ है, लेकिन वार्ता में कोई महत्वपूर्ण सफलता नहीं मिली है। रूस का आक्रमण अब भी जारी है। इसे लेकर अमेरिकी राष्ट्रपति ट्रंप ने नाराज हैं।
रूस से यूक्रेन पर बड़े पैमाने पर ड्रोन हमला
शुक्रवार से रविवार तक, रूस ने लगभग 900 ड्रोन यूक्रेन पर दागे, जिसमें बड़े पैमाने पर बमबारी का सिलसिला जारी रहा। रविवार रात को, रूस ने यूक्रेन के खिलाफ तीन साल के युद्ध में अब तक का सबसे बड़ा ड्रोन हमला किया, जिसमें 355 ड्रोन फेंके गए थे। सोमवार से मंगलवार तक, रूस ने 60 ड्रोन यूक्रेन पर दागे। वहीं रूस के रक्षा मंत्रालय ने दावा किया है कि उनकी वायु रक्षा प्रणाली ने सात रूसी क्षेत्रों में 99 यूक्रेनी ड्रोन को नष्ट कर दिया।