400 ट्रालियों में उपज पहुंची, पूसा बासमती 3100 रुपए प्रति क्विंटल बिकी
By: Gulab rohit
रायसेन। रायसेन कृषि उपज मंडी में चार दिन की छुट्टी के बाद शुक्रवार को धान की रिकॉर्ड आवक दर्ज की गई। इस दौरान करीब 400 ट्रालियों में 10 हजार क्विंटल से अधिक धान मंडी पहुंची। यह इस सीजन की अब तक की सबसे अधिक आवक है।
धान की भारी आवक को देखते हुए हर साल की तरह दशहरे मैदान को अस्थाई मंडी बनाया गया। यहां टोकन व्यवस्था के तहत किसानों की धान की ट्रालियों को व्यवस्थित तरीके से खड़ा कराया गया। इस दौरान चार लाइनों में ट्रैक्टर-ट्रालियां खड़ी देखी गईं।
नीलामी के दौरान पूसा बासमती धान अधिकतम 3100 रुपए प्रति क्विंटल के भाव पर खरीदी गई। वहीं, अन्य किस्मों की धान का न्यूनतम भाव 1700 रुपए प्रति क्विंटल रहा। नीलामी दो सत्रों में आयोजित की गई: सुबह 11 बजे से दोपहर 1 बजे तक और दोपहर 3 बजे से शाम 5 बजे तक।
बढ़ती जाएगी आवक
व्यापारी मनोज सोनी और केसाराम साहू ने बताया कि धान की कटाई के साथ ही मंडी में आवक लगातार बढ़ती जाएगी। उन्होंने यह भी जानकारी दी कि पूसा वैरायटी की धान कंपनियों द्वारा खरीदी जाती है और इसके दामों में बढ़ोतरी की संभावना है।
शनिवार और रविवार को मंडी में अवकाश रहेगा। इसके अतिरिक्त, मंडी में भावांतर योजना के तहत सोयाबीन की भी खरीदी की गई। हालांकि, कम किसान ही सोयाबीन लेकर मंडी पहुंचे थे। सर्वर डाउन होने के कारण सोयाबीन की नीलामी देर शाम तक जारी रही। कुल 127 क्विंटल सोयाबीन की आवक हुई, जिसमें से 90 क्विंटल पंजीकृत था। सोयाबीन अधिकतम 4100 रुपए प्रति क्विंटल और न्यूनतम 3000 रुपए प्रति क्विंटल के भाव पर बिकी।