मंत्री का काफिला रोका, कलेक्टर की गाड़ी के सामने बैठा युवक, पुलिस ने अस्पताल पहुंचाया
By: Gulab rohit
Oct 23, 202559 minutes ago
सागर। सागर के सानौधा थाना क्षेत्र के ग्राम परसोरिया में बुधवार को बस स्टैंड के पास दो युवकों ने जमकर हंगामा मचाया। इनमें से एक युवक घायल अवस्था में सड़क पर खड़ा हो गया और गोवर्धन पूजा से लौट रहे मंत्री गोविंद सिंह राजपूत का काफिला रोक दिया। खून से लथपथ युवक कलेक्टर की गाड़ी के सामने आ गया और करीब 20 मिनट तक हंगामा करता रहा। इसके बाद कलेक्टर ने गाड़ी से उतरकर डायल-112 की मदद से युवक को अस्पताल पहुंचाया। बताया जा रहा है कि युवक नशे में थे। सानौधा पुलिस मामले की जांच कर रही है।
गौशाला से लौट रहे थे मंत्री और कलेक्टर
दरअसल, बुधवार को नरयावली विधानसभा के ग्राम पड़रिया में गौशाला में गोवर्धन पूजा का आयोजन किया गया था। इसमें शामिल होने के लिए कैबिनेट मंत्री गोविंद सिंह राजपूत अधिकारियों के साथ पहुंचे थे। पूजा करने के बाद जब वे वापस सागर लौट रहे थे, तभी सागर-जबलपुर रोड पर स्थित परसोरिया बस स्टैंड के पास दो युवकों ने सड़क पर उत्पात मचाना शुरू कर दिया।
कलेक्टर की गाड़ी के सामने बैठकर किया हंगामा
युवकों ने मंत्री का काफिला रोक लिया। एक घायल युवक कलेक्टर की गाड़ी के सामने आकर बैठ गया। सुरक्षाकर्मियों ने उसे समझाइश दी, लेकिन वह नहीं माना। जिसके बाद उसे सुरक्षा जवानों ने पकड़कर गाड़ी के सामने से अलग किया। हंगामे की सूचना पर सानौधा पुलिस और डायल-112 मौके पर पहुंची। घायल युवक को अस्पताल में भर्ती कराया गया।
न्याय की मांग कर रहे थे, पर कारण नहीं बता पाए
युवक सड़क पर उत्पात मचा रहे थे। कलेक्टर ने उनसे कारण पूछा तो वह न्याय की मांग करने लगे, लेकिन वह कुछ स्पष्ट बता नहीं पाए। उत्पात मचा रहे युवक बंडा के पास ग्राम बमूरा पिपरिया निवासी के होना बताए जा रहे हैं। बताया जा रहा है कि उनका परसोरिया में किसी से विवाद हो गया था। पुलिस मौके पर नहीं पहुंची तो उन्होंने हंगामा कर दिया।
कलेक्टर ने स्वयं गाड़ी रुकवाई थी
सानौधा थाना प्रभारी भरत सिंह ने बताया कि घायल युवक को देखकर कलेक्टर ने स्वयं गाड़ी रुकवाई थी। उसे अस्पताल पहुंचाया। युवक अपने साथियों के साथ गढ़ाकोटा से लौट रहा था। नशे में आपस में उत्पात मचा रहे थे। उसने खुद अपने आप को चोट पहुंचाई है। गाड़ी के सामने हंगामा जैसी कोई बात नहीं थी।