घुसपैठ, परमाणु ऊर्जा संयंत्र-2,सैनिक
By: Sandeep malviya
मॉस्को। यूक्रेन की सेना को खदेड़ने के दावे के बाद रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन ने कुर्स्क क्षेत्र का दौरा किया। उन्होंने यहां पहुंचकर सैनिकों से मुलाकात की। हाल ही में रूस ने दावा किया था कि उसने पिछले महीने यूक्रेनी सेना को कुर्स्क क्षेत्र से बाहर निकाल दिया है। रूस की सरकारी मीडिया ने एक वीडियो में दिखाया कि पुतिन ने कुर्स्क परमाणु ऊर्जा संयंत्र-2 का दौरा किया। यह अभी भी निमार्णाधीन है। पुतिन ने बंद दरवाजों के पीछे चयनित स्वयंसेवकों से मुलाकात की। इसमें कई स्वयंसेवक रूसी ध्वज वाले कपड़े पहने थे। पुतिन ने स्वयंसेवकों से कहा कि कठिन परिस्थिति के दौरान आप इस इलाके और देश के लिए जो कुछ कर रहे हैं, वह जीवन भर आपके साथ रहेगा, क्योंकि यह आपके जीवन का सबसे सार्थक कार्य है। पुतिन ने कुर्स्क के कार्यवाहक गवर्नर अलेक्जेंडर खिन्शतेन से कहा कि हम उन विस्थापित परिवारों को मासिक भुगतान जारी रखेंगे जो अभी भी अपने घरों को वापस नहीं लौट सके हैं। वह इस क्षेत्र में एक संग्रहालय बनाने के प्रस्ताव का समर्थन करेंगे। इससे पहले पुतिन ने मार्च में कुर्स्क क्षेत्र का दौरा किया था। तब यूक्रेनी सैनिकों का क्षेत्र के कुछ हिस्सों पर कब्जा था।
यूक्रेन पर लगाया ड्रोन भेजने का आरोप
इस दौरान रूस के रक्षा मंत्रालय ने यूक्रेन पर ड्रोन भेजने का आरोप लगाया। रूस ने कहा कि उसकी वायु रक्षा प्रणाली ने रात भर में देशभर में 159 यूक्रेनी ड्रोनों को मार गिराया। इनमें ओरयोल क्षेत्र में 53 और ब्रायंस्क क्षेत्र में 51 ड्रोन मार गिराए गए। वहीं यू्क्रेन ने कहा कि उसके उत्तरी सुमी क्षेत्र में रूसी ड्रोन हमलों में दो लोगों की मौत हो गई और पांच अन्य घायल हो गए। कीव क्षेत्र में एक परिवार के चार सदस्य उस समय घायल हो गए जब ड्रोन का मलबा उनके घर पर आ गिरा। यूक्रेनी वायु सेना ने कहा कि रूस ने यूक्रेन पर रात भर में 76 शाहेड और नकली ड्रोन दागे।
अगस्त 2024 में यूक्रेन ने की थी कुर्स्क में घुसपैठ
अगस्त 2024 में यूक्रेनी सेना ने कुर्स्क में घुसपैठ की थी। यह घुसपैठ द्वितीय विश्व युद्ध के बाद पहली बार थी जब किसी आक्रमणकारी ने रूसी क्षेत्र पर कब्जा किया था और क्रेमलिन के लिए अपमानजनक था। 2023 के अंत से कुर्स्क को छोड़कर युद्ध के मैदान में रूस ने कई जगह बढ़त हासिल की है।