अहमदाबाद विमान हादसे में मृतकों की संख्या 275 पहुंच गई है। रविवार सुबह तक 248 शवों के डीएनए सैंपल लिए गए। इनमें से 22 मैच हुए हैं, जिनके शव परिजन को सौंपे गए हैं। उनके डेथ सर्टिफिकेट भी उपलब्ध कराए गए।
By: Star News
Jun 15, 20257 hours ago
अहमदाबाद। स्टार समाचार वेब
अहमदाबाद विमान हादसे में मृतकों की संख्या 275 पहुंच गई है। रविवार सुबह तक 248 शवों के डीएनए सैंपल लिए गए। इनमें से 22 मैच हुए हैं, जिनके शव परिजन को सौंपे गए हैं। उनके डेथ सर्टिफिकेट भी उपलब्ध कराए गए। एम्बुलेंस के जरिए सुरक्षा के साथ शवों को उनके गृहनगर पहुंचाया जा रहा है। इसके लिए 230 टीमें बनाई गई हैं, जो मृतकों के परिजनों के सीधे संपर्क में हैं। 192 एम्बुलेंस और वाहन स्टैंडबाय पर हैं। हादसे में जान गंवाने वाले विदेशी नागरिकों में से 11 के परिजनों की आज अहमदाबाद पहुंचने की संभावना है। शवों को रखने के लिए 170 ताबूत बनाने का आर्डर दिया गया है। इनमें से करीब 100 ताबूत वडोदरा से अहमदाबाद लाए गए हैं। वहीं विमान हादसे में जान गंवाने वाले गुजरात के पूर्व मुख्यमंत्री विजय रूपाणी की डीएनए रिपोर्ट अब तक नहीं आई है, लिहाजा उनके शव के शिनाख्त नहीं हो पाई। शनिवार को उनके बेटे ने अस्पताल आकर डीएनए सैंपल दिया था। रूपाणी का अंतिम संस्कार राजकोट में होना है।
तुर्किए के सूचना विभाग ने उस दावे को नकार दिया है जिसमें कहा गया था कि विमान का रखरखाव तुर्किये की कंपनी ने किया था। एक पोस्ट में डिपार्टमेंट ने कहा कि ऐसा दावा करना जनता को गुमराह करने और भारत-तुर्की संबंधों को प्रभावित करने की कोशिश है। एअर इंडिया और टर्किश टेक्निक के बीच जो समझौता हुआ है, वह सिर्फ बी777 विमान के रखरखाव के लिए है, न कि बोइंग 787-8 के लिए। जिस विमान का एक्सीडेंट हुआ, उस पर टर्किश टेक्निक ने कभी भी रखरखाव का काम नहीं किया।
एअर इंडिया के अधिकारियों ने बताया कि अहमदाबाद में क्रैश हुए विमान के दाएं इंजन की मार्च में मरम्मत की गई थी। इसके अलावा बाएं इंजन की भी जांच की गई थी। जून 2023 में इसकी पूरी जांच की गई थी। अगली जांच इस साल दिसंबर में होनी थी। प्लेन में जीई एयरोस्पेस के बनाए इंजन लगे थे। प्लेन के इंजन कोई समस्या नहीं थी।
अहमदाबाद सिविल अस्पताल ने शवों की जानकारी के लिए नंबर जारी किए हैं। इसमें कहा गया है कि केवल इन नंबरों अधिकृत व्यक्ति के किए कॉल पर ही ध्यान दें। यह कॉल डीएनए मैच और शव के आने की सूचना देगा। 9429915911, 9429916096, 9429916118, 9429916378, 9429916608, 9429916622, 9429916682, 9429916758, 9429916771, 9429916875।
बोइंग के सीईओ केली आर्टबर्ग ने कहा-हम यात्रियों और क्रू मेंबर्स के परिवारों के प्रति गहरी संवेदना व्यक्त करते हैं। अहमदाबाद में हादसे से प्रभावित सभी लोगों के साथ हमारी सहानुभूति है। उन्होंने एअर इंडिया के चेयरमैन एन चंद्रशेखरन से बात की और हर संभव मदद का आश्वासन दिया। बोइंग की एक टीम जांच में भारत की एयरक्राफ्ट एक्सीडेंट इन्वेस्टिगेशन ब्यूरो की पूरी मदद के लिए तैयार है।