अलास्का में अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप और रूसी राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन के बीच हुई वार्ता के बाद रूस की ओर से यूक्रेन पर एक के बाद एक भीषण हमले किए जा रहे है। एक गांव पर ग्लाइड बम से किए गए हमले में कम से कम 21 लोगों की मौत हो गई है।
By: Sandeep malviya
Sep 09, 20251 hour ago
कीव/मॉस्को। यूक्रेन के राष्ट्रपति वोलोदिमीर जेलेंस्की ने कहा कि मंगलवार को पेंशन वितरण के दौरान पूर्वी यूक्रेन के एक गाँव पर रूसी ग्लाइड बम गिरा, जिसमें 20 से ज्यादा नागरिक मारे गए। जेलेंस्की ने टेलीग्राम पर एक पोस्ट में कहा कि बम डोनेट्स्क क्षेत्र के यारोवा गांव में गिरा। उन्होंने हमले को बहुत ही क्रूर बताया है। उन्होंने अंतर्राष्ट्रीय समुदाय से आग्रह किया कि वे रूस पर अतिरिक्त प्रतिबंधों के जरिए उसके आक्रमण की आर्थिक कीमत चुकाएं।
जेलेंस्की ने लिखा, दुनिया को चुप नहीं रहना चाहिए। दुनिया को निष्क्रिय नहीं रहना चाहिए। अमेरिका को प्रतिक्रिया की जरूरत है। यूरोप को प्रतिक्रिया की जरूरत है। जी-20 को प्रतिक्रिया की जरूरत है। रूस को मौत का तांडव मचाना बंद करने के लिए कड़ी कार्रवाई की जरूरत है।
हाल के महीनों में अमेरिका के शांति प्रयासों में कोई प्रगति नहीं होने के कारण रूस ने यूक्रेन पर हवाई हमले तेज कर दिए हैं। रविवार को रूस ने राजधानी कीव पर ड्रोन और मिसाइलों से हमला किया। जो 24 फरवरी, 2022 को युद्ध शुरू होने के बाद से अब तक का सबसे बड़ा हवाई हमला था। ग्लाइड बम सोवियत दौर के हैं। जिन्होंने यूक्रेन में जमकर तबाही मचाई है। इनमें से कुछ का वजन अब 3,000 पाउंड (1,360 किलोग्राम) हैं।
डोनेट्स्क के गवर्नर वादिम फिलाश्किन ने कहा कि इस हमले में 21 लोग मारे गए और 21 अन्य घायल हुए। यह हमला पेंशन पाने के लिए इंतजार कर रहे बुजुर्गों की कतार पर हुआ। उन्होंने लिखा, यह युद्ध नहीं है। यह शुद्ध आतंकवाद है। उन्होंने कहा कि आपातकालीन प्रतिक्रिया दल घटनास्थल पर मौजूद थे।