By: Gulab rohit
Aug 26, 20256 hours ago
नर्मदापुरम। कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष जीतू पटवारी के लाड़ली बहनों को लेकर दिए गए विवादित बयान के खिलाफ मंगलवार को नर्मदापुरम में भाजपा कार्यकर्ताओं ने जोरदार विरोध प्रदर्शन किया। राज्यसभा सांसद और महिला मोर्चा की प्रदेश अध्यक्ष माया नारोलिया के नेतृत्व में हरियाली चौक आईटीआई पर कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष राहुल गांधी और जीतू पटवारी का पुतला दहन किया गया। इस दौरान नारोलिया ने खुद दोनों पुतलों को आग लगाई।
सांसद माया नारोलिया ने कहा कि भाजपा सरकार की लाड़ली बहना योजना और मातृशक्ति के प्रति बढ़ते विश्वास से कांग्रेस बौखला गई है। इसलिए उसके नेता महिला विरोधी बयान दे रहे हैं। उन्होंने कहा कि कांग्रेस नेताओं की मानसिकता हमेशा से महिला विरोधी रही है। "लाड़ली बहनों को बोरे में भर देंगे" जैसे बयान इसका उदाहरण हैं, जबकि भाजपा सरकार महिलाओं का सम्मान करती है।
पटवारी का बयान बताया महिलाओं का अपमान
नारोलिया ने कहा कि कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष जीतू पटवारी ने बयान दिया है कि "मध्यप्रदेश में सबसे ज्यादा महिलाएं शराब पीती हैं और राज्य को यह तमगा मिला है"। यह बयान प्रदेश की महिलाओं का अपमान है। उन्होंने कहा कि भारत में महिलाओं को देवी स्वरूपा माना जाता है, ऐसे में इस तरह के बयान निंदनीय हैं।
विधायक बोले- कांग्रेस की सोच गलत
नर्मदापुरम विधायक डॉ. सीतासरन शर्मा ने कहा कि जीतू पटवारी का बयान बेहद निंदनीय है। भाजपा सरकार बहनों का सम्मान करती है, जबकि कांग्रेस नेता उनका अपमान कर रहे हैं। उन्होंने सवाल किया कि कांग्रेस नेता राहुल गांधी प्रदेश अध्यक्ष को ऐसे बयान देने की शिक्षा क्यों दे रहे हैं।
पुतला दहन में जमकर नारेबाजी
प्रदर्शन के दौरान भाजपा कार्यकर्ताओं ने राहुल गांधी और जीतू पटवारी के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। इस मौके पर विधायक डॉ. सीतासरन शर्मा, महिला मोर्चा जिलाध्यक्ष अर्चना पुरोहित, भाजपा जिला महामंत्री प्रसन्न हणे, लोकेश तिवारी, मंडल अध्यक्ष रूपेश राजपूत, सागर शिवहरे, राजेश तिवारी, विकास नारोलिया, मनीष परदेशी, विशाल दीवान समेत बड़ी संख्या में भाजपा, महिला मोर्चा और युवा मोर्चा पदाधिकारी मौजूद रहे।