देश की राजधानी दिल्ली में स्थित ऐतिहासिक लाल किले की सुरक्षा पर सवाल उठने लगा है। हाई सिक्योरिटी जोन होने के बाद भी चोरों ने सुरक्षा में सेंध लगा दी। दरअसल, लाल किला परिसर से करोड़ों रुपए का हीरा जड़ित स्वर्ण कलश चोरी हो गया है। घटना की जानकारी मिलने के बाद पुलिस के हाथ-पांव फूल गए हैं।
By: Arvind Mishra
Sep 06, 2025just now
नई दिल्ली। स्टार समाचार वेब
देश की राजधानी दिल्ली में स्थित ऐतिहासिक लाल किले की सुरक्षा पर सवाल उठने लगा है। हाई सिक्योरिटी जोन होने के बाद भी चोरों ने सुरक्षा में सेंध लगा दी। दरअसल, लाल किला परिसर से करोड़ों रुपए का हीरा जड़ित स्वर्ण कलश चोरी हो गया है। घटना की जानकारी मिलने के बाद पुलिस के हाथ-पांव फूल गए हैं। लाल किले में एक कार्यक्रम चल रहा था। उसी में करोड़ों का कलश भी था। जिसे शातिरों ने उड़ा लिया। मामले की जानकारी मिलने के बाद अब इसकी छानबीन शुरू कर दी गई है। यह कलश मंगलवार को गायब हुआ है। जिसका खुलासा अब हुआ है। उक्त कार्यक्रम में लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला भी शामिल हुए थे।
बताया जाता है कि लाल किले में जैन धर्म का कार्यक्रम आयोजित किया गया था। उसी में हीरा जड़ित 760 ग्राम के सोने के कलश को भी शामिल किया गया था। भीड़-भाड़ में मौका मिलते ही चोरों ने हाथ साफ कर दिया। सबसे बड़ी बात यह है कि सुरक्षा के लिहाज से रेड फोर्ट कॉम्प्लेक्स में सीसीटीवी कैमरे भी लगे रहते हैं, ऐसे में सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम के बावजूद चोरी हो गई।
लाल किला परिसर में जैन धर्म के अनुयायियों की ओर से धार्मिक अनुष्ठान का आयोजन किया गया था। इसी में उक्त कलश को भी रखा गया था। कारोबारी सुधीर जैन रोजाना पूजा के लिए कलश लेकर आते थे। मंगलवार को कार्यक्रम में कई राजनेता भी पहुंचे थे। स्वागत की अफरा-तफरी के बीच कलश मंच से गायब हो गया। जिसकी कीमत एक करोड़ से ज्यादा बताई जा रही है।
दिल्ली पुलिस के मुताबिक सीसीटीवी फुटेज में संदिग्ध की गतिविधियां कैद हुई हैं। पुलिस ने संदिग्ध की पहचान कर ली है। जल्द गिरफ्तारी की संभावना जताई गई है। लाल किले परिसर में जैन समुदाय का यह अनुष्ठान 15 अगस्त पार्क में चल रहा है और 9 सितंबर तक जारी रहेगा।