एक ही फंदे पर दोनों लटके, इंस्टाग्राम पर लिखा- आखिरी गुडनाइट; हमारी डेडबॉडी मां-बाप को दे देना
By: Gulab rohit
Nov 15, 202510:33 PM
:
सागर। सागर के दंपती ने हरियाणा के रेवाड़ी में सुसाइड कर लिया। एक मकान के अंदर दोनों के शव एक ही फांसी के फंदे पर लटके मिले। दोनों ने 5 साल पहले ही लव मैरिज की थी। घटना का पता उस वक्त लगा, जब युवक का भाई उनके कमरे में पहुंचा। दरवाजा अंदर से बंद था। खटखटाने पर भी कोई जवाब नहीं मिला तो दरवाजा तोड़ा गया।
अंदर दोनों फंदे पर लटके हुए थे। घटना की जानकारी तुरंत पुलिस को दी गई। जांच के लिए फॉरेंसिक टीम को भी बुलाया गया। मौके से एक सुसाइड नोट मिला है, जिसमें लिखा था- 'हमारी डेडबॉडी मां-बाप को दे देना।' इसके अलावा शुक्रवार को युवक ने इंस्टाग्राम पर स्टोरी लगाई थी, जिसमें उसने लिखा- 'भाइयों सभी को आखिरी गुड नाइट'। दोनों के शव पोस्टमॉर्टम के लिए सिविल अस्पताल भेजे गए हैं।
सिलसिलेवार ढंग से पढ़िए पूरा मामला
दोनों कंपनी में काम करते थे: मृतकों की पहचान राजकुमार (26) और उसकी पत्नी हाली (22) के रूप में हुई है। राजकुमार के भाई महेंद्र ने बताया कि राजकुमार और हाली ने साल 2020 में लव मैरिज की थी। शादी के बाद ही वे रोजगार की तलाश में हरियाणा के रेवाड़ी के धारूहेड़ा आए थे। दोनों प्राइवेट कंपनी में काम करते थे।
रात को दोनों पार्टी से लौटे थे: महेंद्र ने आगे बताया कि रात 11 बजे दोनों किसी की मैरिज एनिवर्सरी पार्टी में गए थे। 1 बजे ये लौट आए। शनिवार सुबह करीब 8 बजे राजकुमार ने उसके साथ नाश्ता किया था। इसके बाद वह अपने कमरे में चला गया।
खिड़की से भीतर देखा तो लटके दिखे दोनों: महेंद्र ने बताया कि सुबह करीब 10 बजे जब उसके बड़े भाई राजकुमार को बुलाने गया तो कमरे का दरवाजा अंदर से बंद था। काफी देर तक आवाज लगाने और दरवाजा खटखटाने के बाद भी कोई जवाब नहीं मिला। शक होने पर उन्होंने खिड़की से झांका तो राजकुमार और हाली एक ही फंदे पर लटके हुए थे।
इंस्टाग्राम पर स्टोरी लगाई: राजकुमार के भाई महेंद्र ने यह भी बताया कि जब उन्होंने राजकुमार की इंस्टाग्राम अकाउंट चेक किया तो पता चला कि उसने पार्टी से आने के बाद इंस्टाग्राम पर एक स्टोरी लगाई थी, जिसमें उसने लिखा था कि भाइयों सभी को आखिरी गुड नाइट।