स्टार समाचार वेब. एंटरटेंमेंट डेस्क
1997 की ब्लॉकबस्टर फिल्म 'बॉर्डर' के सीक्वल, 'बॉर्डर 2' का इंतजार खत्म होने वाला है। फिल्म के मच-अवेटेड टीज़र को सेंसर बोर्ड (CBFC) से U/A सर्टिफिकेट मिल गया है, और इसे 15 अगस्त 2025 को ऋतिक रोशन की फिल्म 'वॉर 2' के साथ सिनेमाघरों में रिलीज़ किया जाएगा।
फिल्म के टीज़र को 7 अगस्त को सेंसर बोर्ड के पास भेजा गया था, जिसने इसे 1 मिनट 10 सेकंड की अवधि के साथ पास कर दिया है। इसे 'डेट अनाउंसमेंट टीज़र' नाम दिया गया है, जिसमें फिल्म की कहानी की पहली झलक और रिलीज़ डेट का खुलासा होगा।
क्या है 'बॉर्डर 2' की कहानी?
इस वॉर ड्रामा फिल्म में एक बार फिर सनी देओल अपने आइकॉनिक किरदार में लौट रहे हैं। उनके साथ इस बार वरुण धवन, दिलजीत दोसांझ और अहान शेट्टी जैसे युवा सितारे भी नज़र आएंगे। टीज़र में भारत-पाकिस्तान के संघर्ष और सैनिकों के जुनून को दिखाया जाएगा, जो दर्शकों के बीच देशभक्ति की भावना को फिर से जगा देगा।
फिल्म का निर्देशन अनुराग सिंह कर रहे हैं, जिन्होंने इससे पहले भी कई देशभक्ति फिल्में बनाई हैं। इसके निर्माता भूषण कुमार, कृष्ण कुमार, जे.पी. दत्ता और निधि दत्ता हैं। जे.पी. दत्ता ने ही ओरिजिनल 'बॉर्डर' का निर्देशन किया था।
रिलीज डेट की पुष्टि
टीज़र में 'बॉर्डर 2' की रिलीज़ डेट का भी ऐलान किया जाएगा, जिसे गणतंत्र दिवस के मौके पर रिलीज़ करने की योजना है, यानी अगले साल 26 जनवरी के हफ्ते में फिल्म सिनेमाघरों में आएगी।