आरोपी निलेश ठाकुर को फांसी की मांग; रायसेन पुलिस पर कार्रवाई न करने का आरोप
By: Gulab rohit
Oct 24, 20257 hours ago
रायसेन। रायसेन के पठारी गोलीकांड में मृत नेपाल धाकड़ के परिजनों ने शुक्रवार को कोतवाली थाने के सामने शव रखकर प्रदर्शन किया। परिजनों ने आरोपी निलेश ठाकुर को फांसी की सजा देने की मांग की।
परिजनों ने पुलिस पर आरोप लगाते हुए कहा कि 29 जुलाई की रात जब आरोपी निलेश ठाकुर ने पहली बार नेपाल सिंह पर कट्टे से हमला किया था, तब उसे गिरफ्तार क्यों नहीं किया गया? उनका कहना था कि यदि पुलिस ने उस समय कार्रवाई की होती, तो यह घटना नहीं घटती।
प्रदर्शन की सूचना मिलते ही एसडीओपी प्रतिभा शर्मा और एसडीएम मनीष शर्मा मौके पर पहुंचे। उन्होंने परिजनों को समझाइश दी और उचित कार्रवाई का आश्वासन दिया। इसके बाद परिजनों ने प्रदर्शन समाप्त कर शव का अंतिम संस्कार किया।
29 जुलाई को पहली बार चलाई थी गोली
दरअसल, यह पूरा मामला पठारी क्षेत्र का है, जहां एक बेड़नी के घर पर आरोपी निलेश ठाकुर और नेपाल धाकड़ का आना-जाना था। 29 जुलाई को आरोपी निलेश ठाकुर ने नेपाल धाकड़ (34) पर गोली चलाई थी, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया था, हालांकि उसकी जान बच गई थी। पुलिस ने इस मामले में हत्या के प्रयास का मामला दर्ज किया था।
21 अक्टूबर को दूसरी बार गोली मारी
इसके बाद, 21 अक्टूबर की रात करीब 4 बजे उसी बेड़नी के घर पर दोनों के बीच फिर विवाद हुआ। आरोपी निलेश ठाकुर ने नेपाल पर देसी कट्टे से फायर कर दिया, जिससे गोली उसकी पीठ में लगी। घायल अवस्था में नेपाल को जिला अस्पताल पहुंचाया गया, जहां से उसे भोपाल रेफर कर दिया गया था।
परिजनों ने जिला अस्पताल पर भी सही इलाज न करने का आरोप लगाया है। उनका कहना है कि यदि समय रहते गोली शरीर से निकाल दी जाती, तो उसकी जान बच सकती थी। नेपाल सिंह के परिवार में दो बेटियां और एक बेटा है, जिसमें बेटा दिव्यांग है।