महाराष्ट्र के नागपुर से पश्चिम बंगाल के कोलकाता के लिए रवाना इंडिगो के विमान को आपाताकालीन परिस्थितियों में वापस लौटना पड़ा। दरअसल, आसमान में एक पक्षी के टकराने के बाद पायलट ने विमान को वापस नागपुर लौटाने का फैसला किया। विमान में 272 यात्री सवार थे।
By: Arvind Mishra
Sep 02, 202543 minutes ago
नागपुर। स्टार समाचार वेब
इंडिगो की एक फ्लाइट की नागपुर में आपात लैंडिंग कराई गई। इंडिगो का प्लेन नागपुर से कोलकाता जा रहा था। प्लेन 6 ई812 ने जैसे ही उड़ान भरी, वैसे ही हवा में एक पक्षी आकर इंजन से टकरा गया। प्लेन लड़खड़ाने लगा। यात्रियों में हड़कंप मच गया। उन्हें शांत रहने को कहा गया। हालांकि तुरंत प्लेन की आपात लैंडिंग की गई। प्लेन यात्रियों से खचाखच भरा था। सभी यात्री सुरक्षित हैं। दरअसल, नागपुर से कोलकाता जा रही इंडिगो की फ्लाइट में मंगलवार को एक बड़ा हादसा टल गया। उड़ान भरने के कुछ ही देर बाद जहाज किसी पक्षी से टकरा गया। ऐसी खतरनाक स्थिति को देखते हुए पायलटों ने तुरंत सतर्कता दिखाते हुए विमान की वापस नागपुर एयरपोर्ट पर लैंडिंग करवाई। पायलटों की सूझबूझ की वजह से विमान ने सुरक्षित आपात लैंडिंग की। नागपुर एयरपोर्ट के निदेशक आबिद रूही ने बताया कि हमें शक है कि विमान से पक्षी टकराया। जांच जारी है कि वास्तव में क्या हुआ। पायलट ने एहतियातन विमान को वापस लैंड कराया।
हादसे का शिकार होने से बचे विमान में कुल 272 यात्री शामिल थे। विमान के अगले हिस्से को पक्षी के टकराने की वजह से नुकसान पहुंचा है। एयरपोर्ट के रनवे से मिली एक तस्वीर में देखा जा सकता है कि एयरपोर्ट का एक कर्मचारी विमान का निरीक्षण कर रहा है और विमान का अगला हिस्सा (नोज) क्षतिग्रस्त दिख रहा है।