युवक को घेरकर मारा, हमलावर खुद घायल; जो पिटा उसी पर fir
By: Gulab rohit
Oct 27, 20255:32 PM
मुरैना। मुरैना में नेशनल हाईवे-44 पर एक युवक को घसीट-घसीटकर पीटने का वीडियो सामने आया है। युवक शुभम गुर्जर के साथ मारपीट करने वाले देवेंद्र गुर्जर को गोली लग गई, जिसे गंभीर हालत में दिल्ली रेफर किया गया है। सराय छोला पुलिस ने पिटने वाले युवक शुभम गुर्जर सहित पांच पर हत्या के प्रयास का मामला दर्ज किया है। घटना 21 अक्टूबर की बताई जा रही है।
जानकारी के मुताबिक, यह वीडियो पिटने वाले युवक शुभम गुर्जर के परिजन ने शेयर किया है। बताया जा रहा है कि छोला थाना क्षेत्र में देवपुरी के पास शुभम गुर्जर स्विफ्ट कार से अपने दोस्तों के साथ धौलपुर जा रहा था। तभी उसका रास्ता देवेंद्र उर्फ गीताराम गुर्जर और उसके साथियों ने रोका। कार से उसे नीचे उतार लिया। शुभम के दोस्त भागकर वहीं कहीं छिप गए।
हाथ जोड़कर छोड़ने की गुहार लगाता रहा युवक
देवेंद्र ने शुभम की अपने दोस्तों के साथ मिलकर हाईवे पर घसीट-घसीट कर लाठी-डंडे से मारपीट की। वह हाथ जोड़कर छोड़ने की गुहार लगाता रहा, लेकिन देवेंद्र उसे लगातार पीटता रहा।
शुभम का पैर फ्रैक्चर हो गया। बाद में स्थानीय लोगों ने उसे बचाया। वीडियो में दिख रहा है कि देवेंद्र ने एक अन्य युवक को भी पीटा, हालांकि वह खुद को गाड़ी का ड्राइवर बताकर अलग हो जाता है।
गोली चली, मारपीट करने वाले को लगी
हाईवे पर मारपीट की यह घटना काफी समय तक चलती रही। शुभम को अधमरा छोड़कर देवेंद्र और उसके साथी जाने लगे, तभी अचानक गोली चली जो देवेंद्र के सीने पर लगी। उसे गंभीर हालत में ग्वालियर और फिर दिल्ली रेफर किया गया। देवेंद्र का इलाज दिल्ली में चल रहा है।
छात्रा को लेकर पहले हुआ था विवाद
बताया जा रहा है कि देवेंद्र गुर्जर और शुभम गुर्जर के बीच जीवाजी गंज में किसी छात्रा को लेकर पहले से ही विवाद चला आ रहा था। इसी विवाद ने बड़ा रूप ले लिया।
पुलिस बोली- गोली का दर्द पिटने से ज्यादा
सराय छोला थाना प्रभारी केके सिंह ने कहा- वीडियो में दिख रहा है कि देवेंद्र गुर्जर शुभम को पीट रहा है, ठीक है। लेकिन देवेंद्र गुर्जर को गोली लगी है, उसका दर्द पिटने वाले शुभम से ज्यादा है। हालांकि वीडियो में ये भी नहीं दिख रहा कि गोली शुभम ने चलाई है।
पुलिस ने वीडियो की जांच क्यों नहीं की?
वायरल वीडियो में शुभम गंभीर रूप से घायल दिख रहा है। कार में बैठे उसके साथी भागकर कहीं छिप गए थे। सवाल उठ रहा है कि गोली कहां से आई। इसकी और वीडियो की जांच को लेकर पुलिस पर सवाल उठ रहे हैं। वहीं, शुभम को इलाज के बाद जेल भेज दिया गया।