मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़, महाराष्ट्र और गोवा में बारिश का रेड अलर्ट जारी किया है। इनके अलावा पूर्व और दक्षिण के 13 राज्यों में भारी बारिश की चेतावनी जारी की गई है। मध्य प्रदेश में तेज बारिश का दौर शुरू हो गया है। सिंगरौली में 7 इंच बारिश दर्ज की गई। सिंगरौली में स्कूलों की छुट्टी घोषित की गई है। मप्र के सीधी में 9 घंटे में गिरा 4.8 इंच पानी गिर गया।
By: Arvind Mishra
मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़, महाराष्ट्र और गोवा में बारिश का रेड अलर्ट जारी किया है। इनके अलावा पूर्व और दक्षिण के 13 राज्यों में भारी बारिश की चेतावनी जारी की गई है। मध्य प्रदेश में तेज बारिश का दौर शुरू हो गया है। सिंगरौली में 7 इंच बारिश दर्ज की गई। सिंगरौली में स्कूलों की छुट्टी घोषित की गई है। मप्र के सीधी में 9 घंटे में गिरा 4.8 इंच पानी गिर गया। अशोकनगर के चंदेरी में राजघाट डैम के 12 गेट खोले गए। मध्य प्रदेश और उत्तर प्रदेश को जोड़ने वाला हाईवे बंद होने से वाहनों की लंबी कतारें लग गई हैं। राजधानी भोपाल में रात से ही तेज बारिश हो रही है। शनिवार को सुबह भी तेज बारिश का सिलसिला जारी रहा। यहां तक की निचली बस्तियों में सुबह की बारिश से पानी भर गया। जगह-जगह सड़कों पर बारिश का पानी भरा रहा। इससे सुबह-सुबह अधिकांश बच्चे स्कूल नहीं जा पाए। नर्मदापुरम में तवा डैम के 7 गेट 10-10 फीट तक खोले गए हैं। वहीं, बैतूल में सतपुड़ा डैम के 7 गेट 6-6 फीट तक खोले गए हैं। ग्वालियर में इतना पानी गिरा कि जलभराव के हालात बन गए। हजीरा इलाके में पुरानी इमारत ढह गई। मुरैना जिले में पगारा डैम का जलस्तर खतरे के निशान को पार कर 655.88 फीट तक पहुंच गया। इसके सभी 6 आटोमैटिक गेट खुल गए।
पचमढ़ी में डेढ़ इंच, उमरिया, मलाजखंड, छिंदवाड़ा और गुना पौन इंच, सागर, ग्वालियर और नर्मदापुरम में आधा इंच बारिश हुई। भोपाल, बैतूल, दतिया, रायसेन, शिवपुरी, उज्जैन, दमोह, जबलपुर, मंडला, नरसिंहपुर, सिवनी, डिंडौरी, सिंगरौली, सतना, अनूपपुर, मऊगंज, मुरैना, अशोकनगर, सीहोर, देवास, राजगढ़, शाजापुर समेत कई जिलों में बारिश का दौर बना रहा। बाारिश के चलते जबलपुर में बरगी डैम के 7 गेट खोले गए।
हिमाचल प्रदेश में भारी बारिश का कहर जारी है। राज्य आपदा प्रबंधन प्राधिकरण के मुताबिक राज्य में 221 सड़कें, 36 बिजली के ट्रांसफॉर्मर और 152 जलापूर्ति योजनाएं बंद थीं। हिमाचल में इस सीजन 24 जुलाई तक बादल फटने की 25, लैंडस्लाइड की 30 और अचानक बाढ़ की 42 घटनाएं हुई हैं। इससे 414 मकान और 297 मकान जमींदोज हो गए। वहीं, 877 मकानों को आंशिक नुकसान पहुंचा। राज्य में अब तक 153 लोगों की जान जा चुकी है, जबकि 1436 करोड़ की सरकारी व निजी संपत्ति नष्ट हो चुकी हैं।
छत्तीसगढ़ में रात से ही तेज बारिश का दौर जारी है। कोरबा जिले में घिनारा नाला का जलस्तर बढ़ने से कई गांवों से संपर्क टूट गया है। बिलासपुर में शिव मंदिर से लौटते वक्त कार नाले में बह गई। कार में 9 लोग सवार थे। 8 लोग किसी तरह तैरकर बाहर निकले, लेकिन 3 साल का बच्चा तेज बहाव में कार के साथ बह गया।
बिहार के 25 जिलों में बारिश का यलो अलर्ट जारी किया गया है। बंगाल की खाड़ी में कम दबाव का क्षेत्र मजबूत हुआ है। इसका असर प्रदेश पर पड़ रहा है। यही वजह है कि राज्य के अधिकतर हिस्सों में बारिश हुई है। यह स्थिति अगले 3 दिनों तक बनी रहेगी। इस दौरान पूरे राज्य में रुक-रुककर बारिश होती रहेगी।
राजगढ़: बस्तियों में पानी भरा: मध्य प्रदेश के राजगढ़ जिले में शुक्रवार-शनिवार रात करीब 6 घंटे गिरा पानी। इस वजह से कई इलाकों की बस्तियों में पानी भर गया।
लखनऊ: मकान गिर गया: लखनऊ में भारी बारिश और तेज हवाओं के कारण इमारत का एक हिस्सा गिर गया। घटना गोमती नगर के विभूति खंड इलाके में साइबर टावर की है।
जयपुर में रातभर बरसात: राजस्थान के 9 जिलों में बारिश का अलर्ट जारी किया है। बंगाल की खाड़ी में बने नए सिस्टम की वजह से अगले तीन दिन भारी से अति भारी बारिश की चेतावनी है। इसके असर से जयपुर में शुक्रवार देर रात से बारिश हो रही है।