मुंबई पुलिस की एंटी-एक्सटॉर्शन सेल को बड़ी सफलता हाथ लगी है। पुलिस ने अंडरवर्ल्ड डॉन रवि पुजारी को बॉलीवुड कोरियोग्राफर और फिल्म निर्देशक रेमो डिसूजा व उनकी पत्नी लिजेल डिसूजा को धमकाने और रंगदारी मांगने के एक पुराने केस में गिरफ्तार किया है।
By: Arvind Mishra
Jan 23, 202610:36 AM
मुंबई। स्टार समाचार वेब
मुंबई पुलिस की एंटी-एक्सटॉर्शन सेल को बड़ी सफलता हाथ लगी है। पुलिस ने अंडरवर्ल्ड डॉन रवि पुजारी को बॉलीवुड कोरियोग्राफर और फिल्म निर्देशक रेमो डिसूजा व उनकी पत्नी लिजेल डिसूजा को धमकाने और रंगदारी मांगने के एक पुराने केस में गिरफ्तार किया है। यह मामला 2018 का है, लेकिन अब जाकर इसमें रवि पुजारी की औपचारिक गिरफ्तारी हो पाई है। दरअसल, गैंगस्टर ने आठ साल पहले 2018 में रेमो डिसूजा से 50 लाख की डिमांड की थी। गैंगस्टर रवि पुजारी पांच साल पहले सेनेगल से डिपोर्ट किए जाने के बाद से जेल में था। हालांकि, इस मामले में अब तक पुजारी की गिरफ्तारी नहीं हुई थी। मुंबई पुलिस की क्राइम ब्रांच ने गिरफ्तार कर उसे एस्प्लेनेड कोर्ट में पेश किया और कोर्ट ने 27 जनवरी तक उसे पुलिस हिरासत में भेज दिया है।
डिसूजा परिवार को दी थी धमकी
पुजारी ने सत्येंद्र त्यागी के कहने पर डिसूजा परिवार को धमकी दी थी। सत्येंद्र त्यागी का नाम पहले भी इस मामले में आरोपी के तौर पर सामने आ चुका है। गैंगस्टर रवि पुजारी ने अक्टूबर 2016 से फरवरी 2018 के बीच कई बार रेमो डिसूजा, उनकी पत्नी और उनके मैनेजर को फोन करके धमकी दी। पुजारी ने कथित तौर पर डिसूजा पर फिल्म डेथ आॅफ अमर को जल्दी रिलीज करने के लिए दबाव बनाने की कोशिश की और मामले को सुलझाने के लिए 50 लाख रुपए की मांग की।
एक नजर में जाने पूरा केस
2018 में रेमो डिसूजा और सत्येंद्र त्यागी के बीच अमर मस्ट डाई नाम की एक फिल्म को लेकर एग्रीमेंट हुआ था। लेकिन बाद में इस फिल्म के राइट्स और पैसे को लेकर दोनों के बीच विवाद हो गया। सत्येंद्र त्यागी ने दावा किया कि उन्होंने इस फिल्म में इन्वेस्ट किया है। साथ ही त्यागी ने रेमो डिसूजा पर पांच करोड़ रुपये हड़पने का आरोप लगाया। इसके बाद, पुजारी ने डिसूजा और उनके मैनेजर को धमकी देना शुरू कर दिया और उनसे 50 लाख की रंगदारी मांगी। अब इस मामले में करीब आठ साल बाद गैंगस्टर रवि पुजारी की गिरफ्तारी हुई है।