राजस्थान के हनुमानगढ़ जिले में बस और ट्रेलर ट्रक की जोरदार टक्कर में कम से कम पांच लोगों की मौत हो गई, जबकि एक दर्जन से ज्यादा यात्री गंभीर रूप से घायल हो गए। यह हादसा इतना भयानक था कि मौके पर ही चीख-पुकार मच गई और पूरा इलाका अफरा-तफरी से भर गया।
By: Arvind Mishra
Mar 17, 20261:34 PM
नई दिल्ली। स्टार समाचार वेब
राजस्थान के हनुमानगढ़ जिले में बस और ट्रेलर ट्रक की जोरदार टक्कर में कम से कम पांच लोगों की मौत हो गई, जबकि एक दर्जन से ज्यादा यात्री गंभीर रूप से घायल हो गए। यह हादसा इतना भयानक था कि मौके पर ही चीख-पुकार मच गई और पूरा इलाका अफरा-तफरी से भर गया। बस श्रीगंगानगर के रावतसर से जयपुर जा रही थी। रास्ते में दो ट्रेलर ट्रक सरसों के बीज से लदे सड़क पर खड़े थे। बस चालक ने इन्हें ओवरटेक करने की कोशिश की, तभी सामने से आ रहे एक दूसरे ट्रेलर ट्रक से उसकी सीधी टक्कर हो गई। बस ट्रेलर के पिछले हिस्से में लदी सामान से जा टकराई, जिससे बस बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई।
जिला अस्पताल रेफर किया गया
हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस, प्रशासन और स्थानीय लोग तुरंत मौके पर पहुंच गए। एम्बुलेंस की मदद से घायलों को पहले रावतसर अस्पताल ले जाया गया। जहां हालत गंभीर पाए गए तीन-चार लोगों को बेहतर इलाज के लिए हनुमानगढ़ जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया।
लोगों ने जान पर खेल कर बचाया
रावतसर अस्पताल में सात घायल भर्ती हैं और उनका इलाज चल रहा है। स्थानीय निवासियों ने भी बड़ी संख्या में मदद की। वे बस के अंदर फंसे यात्रियों को बाहर निकालने में जुट गए। कई लोगों ने अपनी जान जोखिम में डालकर घायलों को बचाया। प्रशासन ने भी तुरंत राहत कार्य शुरू किया और घायलों के इलाज की हर संभव व्यवस्था की।
जिम्मेदार पहुंचे अस्पताल
रावतसर के एसडीएम संजय अग्रवाल ने हादसे की पुष्टि की। उन्होंने बताया कि पांच लोग अस्पताल पहुंचने से पहले ही दम तोड़ चुके थे। घायलों में से कुछ की हालत नाजुक है, लेकिन डॉक्टर पूरी कोशिश कर रहे हैं। एसडीएम और पुलिस अधिकारी अस्पताल पहुंचे और वहां का जायजा लिया। वे घायलों से मिले और इलाज की स्थिति देखी।
गहलोत ने जताया दुख
इस दर्दनाक हादसे पर पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने गहरा दुख जताया। उन्होंने कहा-मेगा हाईवे पर बारमसर के पास रावतसर इलाके में हुए इस भयानक सड़क हादसे में पांच लोगों की मौत बेहद दुखद है। ईश्वर दिवंगत आत्माओं को शांति प्रदान करें और उनके परिजनों को इस दुख को सहने की शक्ति दें। घायलों को जल्द से जल्द स्वस्थ होने की कामना करता हूं।