अधिकतम 25° रिकॉर्ड; मौसम वैज्ञानिक बोले- बादल साफ होने से अभी और बढ़ेगी सर्दी
By: Gulab rohit
Nov 22, 202511:14 PM
सीहोर। सीहोर में कड़ाके की ठंड का दौर जारी है। शनिवार (22 नवंबर) को जिले का न्यूनतम तापमान 8.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जबकि अधिकतम तापमान 25 डिग्री सेल्सियस रहा। मौसम विभाग ने आगामी दिनों में आसमान से बादल साफ होने और ठंड का प्रभाव और बढ़ने की संभावना जताई है।
जिले में पिछले लगभग दो सप्ताह से ठंड ने रफ्तार पकड़ी है। बीते 15 दिनों से लगातार ठंड का असर महसूस किया जा रहा है। न्यूनतम और अधिकतम तापमान में काफी अंतर देखा जा रहा है। इससे दिन में तो हल्की राहत रहती है, लेकिन रातें ठंडी हो रही हैं।
वैज्ञानिक बोले- बादल छंटने से गिरेगा पारा
शासकीय कृषि महाविद्यालय में स्थित मौसम विज्ञान केंद्र के मौसम वैज्ञानिक डॉ. एस.एस. तोमर ने बताया कि आसमान से बादल धीरे-धीरे साफ हो रहे हैं। ऐसे में आगामी दिनों में ठंड का प्रभाव और बढ़ेगा। उन्होंने पुष्टि की कि शनिवार को न्यूनतम तापमान 8.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
21 जून को आया था मानसून, अब सर्दी का जोर
इस साल सीहोर जिले में मानसून ने 21 जून को दस्तक दी थी। इसके बाद रुक-रुक कर बारिश होती रही और कभी मानसून ब्रेक की स्थिति भी बनी। अब मौसम में बदलाव का दौर शुरू हो गया है और ठंड का मौसम प्रभावी हो रहा है।