स्टार समाचार
×

सिवनी मालवा को मिलेगी स्टेडियम की सौगात, सीएम का ऐलान- नर्मदापुरम के विकास में नहीं छोड़ेंगे कोई कसर

मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि नर्मदापुरम जिला ऐतिहासिक एवं धार्मिक दृष्टि से महत्वपूर्ण है। हमारे देश की पहचान कृषि से होती है। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने किसानों, युवाओं, महिलाओं एवं श्रमिक सभी वर्ग के लिए योजनाऐं बनाई हैं। मध्यप्रदेश शासन भी गरीब वर्गों के कल्याण के लिए प्रतिबद्ध है।

By: Prafull tiwari

May 22, 20255 hours ago

view1

view0

सिवनी मालवा को मिलेगी स्टेडियम की सौगात, सीएम का ऐलान- नर्मदापुरम के विकास में नहीं छोड़ेंगे कोई कसर

भोपाल।  मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा कि  नर्मदापुरम जिले की भूमि उपजाऊ एवं समृद्ध है, यहां कृषि आधारित उद्योग लगाने के लिए शासन कृत-संकल्प है। नर्मदापुरम के विकास में कोई कोर कसर नहीं छोड़ी जाएगी। नर्मदापुरम में रीजनल इंडस्ट्री कॉन्क्लेव आयोजित कर निवेश को प्रोत्साहित किया गया है। आने वाले समय में नर्मदापुरम औद्योगिक रूप से विकसित जिला बनेगा।  सीएम ने यह बात गुरुवार को सिवनी मालवा में 97.07 करोड़ के 31 कार्यों का लोकार्पण एवं 102.94 करोड के 48 कार्यों के भूमि-पूजन के दौरान कही। मुख्यमंत्री ने सिवनी मालवा में खेल स्टेडियम बनाने की घोषणा की।

मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि नर्मदापुरम जिला ऐतिहासिक एवं धार्मिक दृष्टि से महत्वपूर्ण है। हमारे देश की पहचान कृषि से होती है। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने किसानों, युवाओं, महिलाओं एवं श्रमिक सभी वर्ग के लिए योजनाऐं बनाई हैं। मध्यप्रदेश शासन भी गरीब वर्गों के कल्याण के लिए प्रतिबद्ध है। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने भारतीय सेना के पराक्रम की सराहना करते हुए कहा कि आॅपरेशन सिंदूर में भारतीय सेना ने दुश्मनों को परास्त किया। उन्होंने कहा कि हमारी संस्कृति जियो और जीने दो पर आधारित है। पूरी पृथ्वी हमारा परिवार है।

मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि हमारा प्रदेश देश के मध्य में है इसलिए हमारी जवाबदेही और जिम्मेदारी ज्यादा है। उन्होंने कहा कि राज्य शासन ने इस बार 2600 रूपए प्रति क्विंटल के मान से किसानों से गेहूं खरीदा है। आने वाले समय में हम 05 लाख के सोलर पंप पर 90 प्रतिशत अनुदान देंगे। सोलर पंप में जो मीटर लगेगा उससे किसानों को नि:शुल्क में बिजली मिलेगी और आने वाले समय में सरकार किसानों से बिजली भी खरीदेगी।

मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि प्रदेश सरकार खिलाडियों को प्रोत्साहित करने में कोई कोर कसर नहीं छोड रही है। नर्मदापुरम जिले के हॉकी खिलाडी विवेक सागर को ओलंपिक में देश का प्रतिनिधित्व करने पर एक करोड की प्रोत्साहन राशि दी गई थी। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि युवा वर्गों को ध्यान में रखते हुए इस वर्ष 01 लाख सरकारी पदों पर भर्तियां की जाएगी। साथ ही आगामी 5 वर्षों में ढाई लाख सरकारी पद भरे जाऐंगे। उन्होंने कहा कि विगत 15 वर्षों में इस वर्ष 10वीं एवं 12वीं की बोर्ड परीक्षा का रिजल्ट सबसे बेहतर आया है। इस वर्ष सरकारी स्कूल के बच्चों ने प्रावीण्य सूची में अपना स्थान बनाया है।

इस अवसर पर लोक निर्माण मंत्री एवं नर्मदापुरम जिले के प्रभारी मंत्री राकेश सिंह पूर्व विधानसभा अध्यक्ष एवं नर्मदापुरम विधायक डॉ. सीतासरन शर्मा, नरसिंहपुर-होशंगाबाद सांसद दर्शन सिंह चौधरी, राज्यसभा सांसद माया नारोलिया, सोहागपुर विधायक विजयपाल सिंह, पिपरिया विधायक ठाकुरदास नागवंशी, पूर्व केन्द्रीय मंत्री सुरेश पचौरी एवं अन्य जनप्रतिनिधि सहित बडी संख्या में गणमान्य नागरिक एवं महिलाऐं उपस्थित रहीं।

COMMENTS (0)

RELATED POST