5 दिन चलेगा एथलेटिक्स और क्रिकेट का रोमांच; 1000 से ज्यादा खिलाड़ी आएंगे
By: Gulab rohit
Oct 27, 20255:28 PM
सागर। सागर में 5 दिवसीय 69वीं राज्य स्तरीय एथलेटिक्स और क्रिकेट शालेय क्रीड़ा प्रतियोगिता 1 नवंबर से शुरू हो रही है, जो 5 नवंबर तक चलेगी। इस प्रतियोगिता में प्रदेश भर से करीब एक हजार से अधिक प्रतियोगी शामिल होंगे। कलेक्टर संदीप जीआर के निर्देश पर आयोजन के लिए सभी आवश्यक व्यवस्थाएं की जा रही हैं।
19 साल के एथलेटिक्स, 17 साल की क्रिकेट प्रतियोगिता
जिला शिक्षा अधिकारी अरविंद जैन ने बताया कि प्रतियोगिता 1 से 5 नवंबर तक चलेगी। इसमें 19 वर्ष आयु वर्ग में बालक व बालिका एथलेटिक्स और 17 वर्ष आयु वर्ग में बालिका क्रिकेट के खेल खेले जाएंगे।
9 संभागों के 1000 से ज्यादा प्रतियोगी होंगे शामिल
प्रतियोगिता में भोपाल, ग्वालियर, इंदौर, जबलपुर, जनजाति कार्य विभाग, नर्मदापुरम संभाग, रीवा संभाग, सागर संभाग और उज्जैन संभाग के करीब एक हजार से अधिक प्रतियोगी शामिल होंगे।
सिटी स्टेडियम, यूनिवर्सिटी मैदान, खेल परिसर में मुकाबले
जिला शिक्षा अधिकारी ने बताया कि क्रिकेट प्रतियोगिता सिटी स्टेडियम और विश्वविद्यालय के खेल मैदान में आयोजित होगी। जबकि एथलेटिक्स की सभी प्रतियोगिताएं खेल परिसर में आयोजित की जाएंगी।
तैयारियों के लिए बनीं समितियां, बसों का भी इंतजाम
जिला शिक्षा अधिकारी जैन ने बताया कि प्रतियोगिता को संपन्न कराने के लिए एक दर्जन से अधिक समितियों का गठन किया गया है। इसमें प्राचार्य, शिक्षक और खेल शिक्षक सहित अन्य अधिकारी शामिल हैं, जो अपने दिए गए निदेर्शों का पालन करते हुए प्रतियोगिता को पूरा कराएंगे। प्रतियोगियों को आवास स्थल से खेल मैदान तक लाने-ले जाने के लिए बसों की व्यवस्था भी कराई गई है। उनके आवास की व्यवस्था भी सुनिश्चित की गई है।