दिल्ली समेत देश के कई राज्यों में बूंदाबांदी के बाद आसमान एक बार फिर साफ हो गया है। हालांकि, ठंड का कहर अभी खत्म नहीं हुआ है। पहाड़ी राज्यों में पश्चिमी विक्षोभ फिर से सक्रिय होने वाला है, जिससे जम्मू कश्मीर, हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड में बर्फबारी होने की संभावना है।
By: Arvind Mishra
Jan 25, 20269:53 AM

भोपाल/नई दिल्ली। स्टार समाचार वेब
दिल्ली समेत देश के कई राज्यों में बूंदाबांदी के बाद आसमान एक बार फिर साफ हो गया है। हालांकि, ठंड का कहर अभी खत्म नहीं हुआ है। पहाड़ी राज्यों में पश्चिमी विक्षोभ फिर से सक्रिय होने वाला है, जिससे जम्मू कश्मीर, हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड में बर्फबारी होने की संभावना है। वहीं, पहाड़ों से आने वाली सर्द हवाएं और बादलों से मैदानी इलाकों में ठिठुरन और गलन देखने को मिलेगी। मौसम विभाग के अनुसार, एक तीव्र पश्चिमी विक्षोभ के कारण 26-28 जनवरी के दौरान पश्चिमी हिमालय क्षेत्र में हल्की वर्षा और 27 जनवरी को कुछ स्थानों पर भारी वर्षा/बर्फबारी की संभावना है। अगले 2 दिनों तक न्यूनतम तापमान में कोई खास बदलाव नहीं होगा। इस दौरान पारा 4-6 डिग्री सेल्सियस तक बढ़ सकता है। मगर, उसके बाद तापमान में 3-5 डिग्री सेल्सियस की गिरावट देखने को मिल सकती है। इधर, मध्यप्रदेश की दो दिन की राहत के बाद रात से ही एक बार फिर ठंड का दौर शुरू हो गया है। आज यानी रविवार को राजधानी भोपाल में भीषण कोहरा छाया रहा।

मध्यप्रदेश: 27-28 जनवरी को बारिश का अलर्ट
मध्य प्रदेश में रविवार से मौसम ने एक बार फिर करवट ले ली है। कई जिलों में सुबह से ही घना कोहरा छाया हुआ है, जिससे ठंड का असर बढ़ गया है और जनजीवन प्रभावित हो रहा है। वहीं प्रदेश के आधे हिस्से में 27 और 28 जनवरी को बारिश और गरज-चमक का अलर्ट है। मौसम विभाग के अनुसार, 26 जनवरी को उत्तर-पश्चिम भारत को प्रभावित करने वाला वेस्टर्न डिस्टरबेंस (पश्चिमी विक्षोभ) स्ट्रॉन्ग है। यह एमपी में भी असर दिखाएगा। इससे पहले ग्वालियर-चंबल में बादल-बारिश और कोहरे वाला मौसम है। पिछले 24 घंटे के अंदर ग्वालियर-चंबल के जिलों में बारिश हुई।
इन जिलों में बारिश
उत्तराखंड: पांच जिलों में बर्फबारी की संभावना
उत्तराखंड के पांच जिलों में बारिश और बर्फबारी की संभावना है। इनमें उत्तरकाशी, रुद्रप्रयाग, चमोली, बागेश्वर और पिथौरागढ़ के ऊंचाई वाले इलाके शामिल है। 29 जनवरी तक मौसम ऐसा ही रहने वाला है। रक्षा भू-सूचना विज्ञान अनुसंधान प्रतिष्ठान ने उत्तराखंड के पांच जिलों के लिए अगले 12 घंटे का हाई अलर्ट जारी किया है। साथ ही, राज्य के ऊंचाई वाले इलाकों में हिमस्खलन का अलर्ट जारी किया गया है।
हरियाणा: छह जिलों में कोहरे की चेतावनी
हरियाणा में के कई जिलों में घने से बहुत घने कोहरे और शीतलहर का असर रहेगा। मौसम विभाग की चेतावनी के अनुसार, प्रदेश के 7 जिलों में पाला जम सकता है। इनमें सिरसा, हिसार, फतेहाबाद, भिवानी, महेंद्रगढ़, रेवाड़ी और चरखीदादरी शामिल हैं। इसके अलावा 6 जिलों में गहरा कोहरा पड़ने का आॅरेंज अलर्ट जारी हुआ है।
पंजाब: बठिंडा सबसे ठंडा, पार 0.8 डिग्री
पंजाब में रविवार को घना कोहरा छाया रहा। इसके साथ ही शीतलहर का आॅरेंज अलर्ट जारी किया गया है। इस दौरान पठानकोट, होशियारपुर, नवांशहर, रूपनगर, मोहाली सहित कई शहरों में कुछ स्थानों पर घना कोहरा छा सकता है। वहीं बीते 24 घंटे में बठिंडा सबसे ठंडा रहा। यहां का तापमान 0.8 रहा।
हिमाचल: बारिश-बर्फबारी की चेतावनी
हिमाचल प्रदेश में 26 जनवरी को दिनभर मौसम साफ रहेगा और रात को पश्चिमी विक्षोभ फिर से सक्रिय होगा। इससे प्रदेश के कई हिस्सों में बारिश और बर्फबारी की संभावना है। प्रदेश में कुकुमसेरी में -7 डिग्री सेल्सियस न्यूनतम तापमान दर्ज किया गया। 27 और 28 जनवरी को प्रदेश के कई हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश और ऊंचाई वाले क्षेत्रों में हल्की बर्फबारी होने की संभावना है।
उत्तर प्रदेश: बर्फीली हवाओं ने बढ़ाई गलन
उत्तरप्रदेश में बारिश और ओले गिरने से मौसम पलट गया है। पहाड़ों से आ रहीं बर्फीली हवाओं ने गलन बढ़ा दी है। 15 जिलों में बारिश और 20 जिलों में 40-50 किलोमीटर प्रतिघंटे की रफ्तार से आंधी चलने का अलर्ट है। तापमान में 5-6 डिग्री तक की गिरावट आने की संभावना है। पिछले 24 घंटे की बात करें तो 8 डिग्री के साथ अयोध्या सबसे ठंडा रहा। लखनऊ में पिछली रात प्रदेश में सबसे गर्म रही।