मध्य प्रदेश की महत्वकांक्षी और विधानसभा चुनाव में गेमचेंजर बनी लाड़ली बहना योजना को लेकर सूबे की सवा करोड़ बहनों के बैंक खातों में जल्द ही धनवर्षा होगी।
By: Star News
Jun 08, 202548 minutes ago
भोपाल। मध्य प्रदेश की महत्वकांक्षी और विधानसभा चुनाव में गेमचेंजर बनी लाड़ली बहना योजना को लेकर सूबे की सवा करोड़ बहनों के बैंक खातों में जल्द ही धनवर्षा होगी। यह हम नहीं, बल्कि मप्र के सीएम डॉ. मोहन यादव ने खुद कहा है कि रक्षाबंधन पर लाड़ली बहना योजना के तहत मिलने वाली राशि बढ़ाकर दी जाएगी। पांच साल में यह राशि तीन हजार तक पहुंच जाएगी। सीएम ने यह भी कहा कि लाड़ली बहनों चिंता मत करना। मप्र सरकार ने तय किया है कि, आपकी राशि भी इस रक्षाबंधन पर बढ़ने वाली है। हमने चुनाव के दौरान जो वादा किया था, लो पूरा करेंगे। यही नहीं, किसी के बहकावे में मत आना, लाड़ली बहना योजना बंद नहीं होगी। अगर बहन-बेटियों के हाथ में पैसे आते हैं तो वो घर के लिए जहां जरूरत हो वहां लगाती हैं। बहन-बेटी कभी पैसे नहीं बिगाड़ती। हमने कहा था 5 साल में हम योजना की राशि 3 हजार बढ़ा देंगे। अब आने वाले रक्षाबंधन पर लाड़ली बहनों की राशि बढ़ाई जाएगी। दरअसल, सीएम जबलपुर के कुंडम के समीप ग्राम छपरा में आयोजित एक समारोह को संबोधित करते हुए उक्त बातें कही।
सीएम ने कहा है कि रक्षा बंधन में लाडली बहना की राशि बढ़ जाएगी। ऐसे में उम्मीद की जा रही है कि इस रक्षाबंधन से लाड़ली बहनों के बैंक खातों में 2000 रुपए की किस्त ट्रांसफर की जाएगी। हालांकि अभी इसकी घोषणा नहीं की गई है कि राशि कितनी बढ़ाई जाएगी।
सीएम डॉ. मोहन यादव ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में प्रदेश में विकास के कार्य हो रहे हैं। प्रधानमंत्री की मंशा है कि गरीब से गरीब व्यक्ति की जिंदगी बेहतर बने। इसी संकल्प के साथ केंद्र और प्रदेश सरकार काम कर रही है।
वहीं सीहोर पहुंचे सीएम डॉ. मोहन यादव ने कहा कि प्रदेश में पूर्व मुख्यमंत्री और वर्तमान कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान द्वारा शुरू की गई कोई भी योजना बंद नहीं होगी। इस दौरान मंच पर शिवराज भी मौजूद रहे। सीएम ने कहा कि लाड़ली बहना योजना में धीरे-धीरे राशि बढ़ाकर 3000 कर दी जाएगी। उन्होंने कहा कि दिल्ली से शिवराज सिंह चौहान का आशीर्वाद लगातार मिल रहा है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि मध्यप्रदेश आज विकास की दौड़ में देश के अग्रणी राज्यों में शामिल है। प्रदेश सरकार किसानों की समृद्धि के लिए निरंतर कार्य कर रही है। किसानों से 2600 रुपए क्विंटल की दर से गेहंू की खरीदी की जा रही है। प्रदेश सरकार प्रदेश के प्रत्येक क्षेत्र में बिजली, पानी, सड़क, शिक्षा सहित सभी सुविधाएं उपलब्ध करा रही है।
मुख्यमंत्री ने यह भी कहा कि मध्यप्रदेश में आज 30 मेडिकल कॉलेज संचालित हो रहे हैं। आने वाले दो साल के भीतर प्रदेश में इनकी संख्या बढ़कर 50 हो जाएगी।
मध्य प्रदेश सरकार पर वर्तमान में कुल कर्ज का आंकड़ा 3,75,578 करोड़ तक पहुंच गया है। इसमें बाजार से लिया कर्ज-2,03,000 करोड़ रुपए है। वित्तीय संस्थाओं से लिया कर्ज-15,248 करोड़ रुपए और केंद्र सरकार से लोन और एडवांस- 62,012 करोड़ शामिल हैं। दरअसल, सरकार ने चालू वित्त वर्ष में अब तक 9500 करोड़ का कर्ज लिया है, जिसमें जून में 4500 करोड़ के दो नए कर्ज शामिल हैं। कर्ज का उपयोग विकास कार्य, कर्मचारियों के महंगाई भत्ते, लाड़ली बहना योजना की किस्तें और निर्माण कार्यों के खर्चों के लिए किया जाता है।