मेयर, मैक्सिकन नौसेना, जहाज, ब्रिज
By: demonews
May 18, 20256 hours ago
न्यूयॉर्क। मैक्सिकन नौसेना का प्रशिक्षण पोत न्यूयॉर्क के ब्रुकलिन ब्रिज से टकरा गया। हादसे में कई लोगों के घायल होने की खबर है। जहाज कुआउटेमोक एक खास समारोह के लिए न्यूयॉर्क आया था। एक वीडियो भी सामने आया है, जिसमें देखा सकता है कि शनिवार शाम को जब जहाज इस पुल के नीचे से गुजरने वाला था, तब जहाज में एक ऊंचा खंबा (मस्तूल) पुल से टकरा गया। टक्कर के बाद जहाज के मस्तूल के कुछ हिस्से टूटकर गिर गए। टक्कर के बाद पुल पर भारी जाम की स्थिति बन गई। मैक्सिको की नौसेना ने भी जहाज के क्षतिग्रस्त होने की पुष्टि की है। घटना की जांच की जा रही है।
आसपास मौजूद लोगों में दहशत फैल गई
न्यूयॉर्क फायर डिपार्टमेंट के मुताबिक, अधिकारियों ने करीब 20 लोगों के घायल होने की बात कही है, लेकिन इस बारे में कोई विस्तृत जानकारी नहीं दी। जानकारी के मुताबिक, जहाज र एक विशाल हरा, सफेद और लाल मैक्सिकन झंडा लहरा रहा था। टक्कर के बाद यह नदी के किनारे की ओर बहता चला गया। आसपास मौजूद लोगों में दहशत फैल गई। वे किनारे से दूर भागते नजर आए।
दो लोगों को स्ट्रेचर पर जहाज से उतारकर छोटी नावों पर जाते देखा
सिडनी नीडेल और लिली कैट्ज ने बताया कि वे सूर्यास्त देखने के लिए बाहर बैठे थे, जब उन्होंने जहाज को पुल से टकराते और उसका एक मस्तूल टूटते हुए देखा। करीब से देखने पर उन्होंने पाया कि जहाज पर कोई व्यक्ति ऊपर से लटक रहा था। उन्होंने दो लोगों को स्ट्रेचर पर जहाज से उतारकर छोटी नावों पर जाते देखा।
कहां-कहां जाने वाला था जहाज
जहाज को 15 देशों के 22 बंदरगाहों का दौरा करना था। इनमें किंग्स्टन (जमैका), हवाना (क्यूबा), कोजुमेल (मैक्सिको) और न्यूयॉर्क शामिल थे। इसने आइसलैंड के रेक्जाविक, फ्रांस के बोर्डो, सेंट मालो और डनकर्क एवं स्कॉटलैंड के एबरडीन सहित अन्य स्थानों पर जाने की भी योजना बनाई थी। इसकी कुल यात्रा 254 दिनों के लिए थी, इनमें से 170 दिन समुद्र में बिताए जाने थे।