रीवा के बिछिया मोहल्ले में पागल कुत्ते ने महज एक घंटे के भीतर पांच लोगों पर हमला कर दहशत फैला दी। दस वर्षीय बच्चा भी इस हमले में घायल हुआ। घायलों को जिला अस्पताल में इलाज दिया गया, जबकि नगर निगम की निष्क्रियता को लेकर स्थानीय लोगों में आक्रोश बढ़ता जा रहा है।
By: Yogesh Patel
Feb 07, 20261:10 PM
हाइलाइट्स:
रीवा, स्टार समाचार वेब
शहर के बिछिया मोहल्ले में पागल कुत्ते ने आतंक मचा कर रखा है। यहां गुरुवार को कुत्ते ने महज एक घंटे के भीतर पांच लोगों पर हमला कर घायल कर दिया है। इसमें एक दस साल का बच्चा भी घायल है। इस घटना के बाद से मोहल्ले में दहशत का माहौल है। सभी घायलों का जिला अस्पताल में प्राथमिक उपचार कराया गया है। वहीं घटना की जानकारी नगर निगम को दी गई है।
बताया गया है कि 10 वर्षीय बच्चा जब घर के बाहर खेल रहा था तभी कुत्ते नें उस पर हमला कर दिया। घटना के वक्त कुत्ते ने बच्चे को कई जगह काट खाया तो वहीं मौजूद लोगों ने जब उसे बचाने का प्रयास किया तो कुत्ता उन पर भी झपट पड़ा। देखते ही देखते पांच लोग डॉग बाइट का शिकार हो गए। इसके बाद कुत्ता वहां से भाग निकला। घायलों को जिला अस्पताल में रैबीज के इंजेक्सन लगाए गए। वहीं मोहल्ले में पागल कुत्ते को लेकर दशहत बनी हुई है। घटना की जानकारी नगर निगम को दी गई है, लेकिन अभी तक निगम की ओर से कोई ठोस पहल कुत्ते को पकड़ने की नहीं की गई है।
स्थानीय लोगों में आक्रोश
पागल कुत्ते को लेकर जहां मोहल्ले वासियों के बीच दहशत का माहौल है, वहीं नगर निगम की कार्य प्रणाली को लेकर आक्रोश भी पनप रहा है। लोगों का कहना है कि यदि समय रहते नगर निगम द्वारा आवश्यक कार्रवाई नहीं की गई तो सड़क पर उतर कर प्रदर्शन करेंगे। फिलहाल इस मामले में नगर निगम की ओर से कोई प्रतिक्रिया नहीं जारी की गई है।
अज्ञात व्यक्तियों ने छोड़ा
मोहल्ले वासियों ने बताया कि अज्ञात लोगों के द्वारा 15 से 20 की संख्या में आवारा कुत्तों को बिछिया स्थित जगन्नाथ मंदिर के पास छोडा गया है। लोगों का कहना है कि आवारा कुत्तों की समस्या को लेकर नगर निगम में उनके द्वारा पूर्व में कई बार शिकायत की जा चुकी है लेकिन नगर निगम कुत्तों से निजात दिलाने की वजाय उल्टा शहर के कुत्तों को पकडकर उनके मोहल्ले में छोडा जा रहा है।