By: Gulab rohit
Jun 28, 2025just now
टीकमगढ़। टीकमगढ़ में एक महिला ने अपने 25 दिन के नवजात को महेंद्र सागर तालाब में फेंक दिया। वहां मौजूद एक युवक ने मासूम को डूबता देखा तो तालाब में कूदकर बाहर निकाला। मासूम को अस्पताल ले जाया गया। एनआईसीयू में उसका इलाज चल रहा है।
घटना कोतवाली थाने के बम्होरी कलागांव में शनिवार दोपहर की है। पुलिस ने महिला को हिरासत में लिया है। पूछताछ में पता चला है कि वह अपने मायके में रह रही थी। उसकी शादी दिसंबर 2024 में हुई थी। शादी के 6 महीने बाद ही डिलीवरी हो गई। ससुराल वाले बच्चे के होने पर संदेह जता रहे हैं। इसलिए उसने यह कदम उठाया।
आरोपी महिला मिथिला लोधी पत्नी सुजान सिंह लोधी बम्होरी कला गांव की रहने वाली है। उसकी शादी दमोह जिले के बकस्वाहा में हुई है। वह अपने मायके आई हुई थी। घटना के दौरान उसकी मां भी उसके साथ थी। वह नवजात बच्चा को तालाब में फेंककर भागने लगी। मौके पर मौजूद लोगों ने उसे पकड़ लिया।
शिशु रोग विशेषज्ञ डॉक्टर पीएल विश्वकर्मा के अनुसार, बच्चे को सांस लेने में दिक्कत हो रही है। उसे गहन शिशु चिकित्सा इकाई में भर्ती कराया गया है। डॉक्टरों की टीम लगातार निगरानी कर रही है।