स्टार सुबह, खबरों के सफरनामे में आज ( 17 जनवरी 2026) को बात देश- दुनिया, मध्यप्रदेश और आपके आसपास की. हर सुबह खबरी दुनिया से रूबरू करता बुलेटिन.
By: Ajay Tiwari
Jan 17, 20265:24 AM
स्टार सुबह, खबरों के सफरनामे में आज ( 17 जनवरी 2026) को बात देश- दुनिया, मध्यप्रदेश और आपके आसपास की. हर सुबह खबरी दुनिया से रूबरू करता बुलेटिन.
तेहरान। ईरान में जारी आंतरिक अशांति और अमेरिका के बढ़ते हस्तक्षेप ने मध्य-पूर्व में एक नए और खतरनाक संकट को जन्म दे दिया है। ईरान के सरकारी टेलीविजन ने हाल ही में एक विवादित फुटेज प्रसारित किया है, जिसमें अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप को सीधे तौर पर जान से मारने की धमकी दी गई है। इस वीडियो के सामने आने के बाद दोनों देशों के बीच जुबानी जंग अब सैन्य टकराव के मुहाने पर पहुँच गई है। विस्तार से पढ़ें..
रियाद/धहरान अल जनूब: सऊदी अरब के सबसे मोअज्ज़ज़ (सम्मानित) और उम्रदराज शख्स नासिर बिन रदान अल राशिद अल वदई इस दुनिया-ए-फानी को अलविदा कह गए। 142 साल की तवील (लंबी) उम्र पाने वाले इस बुजुर्ग ने अपनी आखिरी सांसें दक्षिणी सऊदी अरब के धहरान अल जनूब में लीं। उनके जनाजे में अकीदतमंदों का एक समंदर उमड़ पड़ा। विस्तार से पढ़ें...
नई दिल्ली: बहुचर्चित 'कैश कांड' मामले में घिरे जस्टिस यशवंत वर्मा की मुश्किलें बढ़ गई हैं। सुप्रीम कोर्ट ने लोकसभा अध्यक्ष (स्पीकर) द्वारा उनके खिलाफ गठित जांच समिति की वैधता को चुनौती देने वाली याचिका को खारिज कर दिया है। इस महत्वपूर्ण फैसले के बाद अब जस्टिस वर्मा को पद से हटाने की संवैधानिक कार्यवाही में कोई कानूनी बाधा नहीं बची है। विस्तार से पढ़ें...
नई दिल्ली। भारतीय जनता पार्टी ने अपने नए राष्ट्रीय अध्यक्ष के चुनाव की तारीखों का आधिकारिक ऐलान कर दिया है। संगठन की इस महत्वपूर्ण प्रक्रिया के लिए 19 और 20 जनवरी का दिन तय किया गया है। पार्टी के भीतर चल रही हलचलों के बीच वर्तमान कार्यकारी अध्यक्ष नितिन नबीन का नाम इस शीर्ष पद के लिए सबसे प्रमुखता से उभर रहा है। विस्तार से पढ़ें..
भोपाल: मुख्यमंत्री डा. मोहन यादव ने मध्य प्रदेश पुलिस के शौर्य और अनुशासन की सराहना करते हुए नक्सलवाद की तुलना एक जहरीले सांप से की है। शुक्रवार को राजधानी के कुशाभाऊ ठाकरे इंटरनेशनल कन्वेंशन सेंटर में 'आईपीएस सर्विस मीट-2026' का शुभारंभ करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि जिस तरह सांप वाले कमरे में मखमल के गद्दों पर नींद नहीं आ सकती, वैसे ही नक्सलवाद के साये में विकास संभव नहीं था। उन्होंने गर्व जताते हुए कहा कि प्रदेश पुलिस ने इस 'सांप' का फन कुचलकर नक्सली मूवमेंट को जड़ से खत्म कर दिया है। विस्तार से पढ़ें...
लोकायुक्त की फाइल गायब होने पर हाईकोर्ट का बड़ा एक्शन
जबलपुर: मध्य प्रदेश उच्च न्यायालय ने लोकायुक्त कार्यालय से एक महत्वपूर्ण रिश्वत प्रकरण की मूल फाइल (Original Case File) गायब होने पर गहरी नाराजगी जताई है। जस्टिस विवेक अग्रवाल और जस्टिस विनय सराफ की युगलपीठ ने इस बात पर हैरानी व्यक्त की है कि इतनी संवेदनशील फाइल गुम होने के बावजूद अब तक एफआईआर (FIR) दर्ज क्यों नहीं कराई गई। अदालत ने प्रदेश के पुलिस महानिदेशक को इस मामले में तुरंत केस दर्ज करने और संबंधित लापरवाह अधिकारी के खिलाफ विभागीय जांच शुरू करने का आदेश दिया है। विस्तार से पढ़ें...
गुना: मध्य प्रदेश के गुना जिले में बुधवार शाम एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई। अपने परिवार के साथ मकर संक्रांति मनाने पैतृक गांव जा रही 4 साल की मासूम तान्या की एक नीलगाय के कार में घुसने से मौत हो गई। यह हादसा उस वक्त हुआ जब तेज रफ्तार से भाग रही एक नीलगाय अचानक कार का विंडशील्ड (सामने का शीशा) तोड़ते हुए सीधे अंदर जा घुसी। विस्तार से पढ़ें..
भोपाल: राष्ट्रीय हरित अधिकरण (NGT), सेंट्रल ज़ोन बेंच, भोपाल ने मध्य प्रदेश के शहरों में सीवेज मिश्रित और दूषित पेयजल की आपूर्ति को जनस्वास्थ्य के लिए "गंभीर खतरा" घोषित किया है। न्यायमूर्ति शिव कुमार सिंह और विशेषज्ञ सदस्य ईश्वर सिंह की पीठ ने इस मामले में राज्य सरकार, प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड और सभी नगर निगमों की जवाबदेही तय करते हुए कड़े निर्देश जारी किए हैं। विस्तार से पढ़ें..
इंदौर: मध्य प्रदेश की आर्थिक राजधानी इंदौर में शुक्रवार सुबह आयकर विभाग (Income Tax Department) की टीम ने बड़ी कार्रवाई को अंजाम दिया। विभाग ने शहर की जानी-मानी सड़क निर्माण और इंफ्रास्ट्रक्चर कंपनी बीआर गोयल इंफ्रास्ट्रक्चर लिमिटेड (B.R. Goyal Infrastructure Ltd.) के विभिन्न ठिकानों पर एक साथ दबिश दी है। विभाग को कंपनी के वित्तीय लेन-देन में बड़ी गड़बड़ी और टैक्स चोरी की गुप्त सूचनाएं मिली थीं। विस्तार से पढ़ें..
चलते- चलते...
मनुष्य का असली चरित्र तब सामने आता है, जब वो नशे में होता है, फिर नशा चाहे धन का हो, पद का हो, रूप का हो या शराब का।
सुप्रभात..