भोपाल. स्टार समाचार वेब
राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने दी शुभकामनाएं
राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने सोमवार को देशवासियों को दिवाली की शुभकामनाएं दीं। एक पोस्ट शेयर करते हुए, राष्ट्रपति मुर्मू ने सभी से वंचितों और जरूरतमंदों का समर्थन करने और त्योहार को सुरक्षित और पर्यावरण के अनुकूल तरीके से मनाने का आग्रह किया। राष्ट्रपति मुर्मू ने लिखा, "दिवाली के शुभ अवसर पर, मैं भारत और दुनिया भर में सभी भारतीयों को हार्दिक बधाई और शुभकामनाएं देती हूं।
प्रधानमंत्री मोदी का शुभकामना संदेश
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने सोमवार को देशवासियों को दिवाली की शुभकामनाएं दीं। एक्स पर एक पोस्ट में पीएम मोदी ने कहा कि सभी देशवासियों को दीपावली की हार्दिक शुभकामनाएं। प्रकाश का यह पावन पर्व हर किसी के जीवन को सुख-समृद्धि और सौहार्द से आलोकित करे, यही कामना है। पीएम के साथ ही यूपी के सीएम समेत देश के अन्य राजनेताओं ने भी देश और प्रदेशवासियों को दीपों के त्योहार की शुभकामनाएं दीं।
केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने सोमवार सुबह दिवाली के अवसर पर सभी की समृद्धि की कामना करते हुए शुभकामनाएं दीं। शाह ने एक्स पर पोस्ट किया कि प्रकाश और आनंद के इस त्योहार पर सभी को दिवाली की हार्दिक शुभकामनाएं। मैं भगवान श्री राम से सभी के स्वास्थ्य और समृद्धि की प्रार्थना करता हूं।
राज्यपाल मंगूभाई पटेल का संदेश
राज्यपाल मंगूभाई पटेल ने दीपावली को धार्मिक, सामाजिक और सांस्कृतिक एकता का प्रतीक बताया। उन्होंने इस पर्व को खुशियां बांटने का अवसर मानते हुए कहा कि इसकी सार्थकता तभी है, जब हम वंचित और जरूरतमंद लोगों के जीवन में खुशियों की ज्योति जलाएँ। उन्होंने सामूहिक प्रयासों पर जोर देते हुए कहा कि जिस तरह छोटे-छोटे दीप मिलकर अंधकार को पराजित करते हैं, उसी प्रकार समाज और राष्ट्र की समस्याओं का समाधान भी सामूहिक प्रयासों से ही संभव है। राज्यपाल ने प्रदेशवासियों से अनुशासित, स्वच्छ और स्वस्थ वातावरण में पर्व मनाने की अपील की और भाईचारे तथा सद्भाव की परंपराओं को मजबूत करने का आह्वान किया।
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव का संदेश
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने अपने संदेश में मध्य प्रदेश को देश का 'हृदय प्रदेश' बताते हुए कहा कि यह राज्य प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 'विकसित भारत' के संकल्प को पूरा करने में सक्रिय रूप से सहभागी है। उन्होंने गर्व व्यक्त किया कि प्रदेश की लगभग 9 करोड़ जनता विकास के इस 'यज्ञ' में योगदान दे रही है, जिससे प्रगति की रफ्तार बढ़ी है और उत्साह दोगुना हो रहा है। उन्होंने प्रदेश की कई योजनाओं में अग्रणी स्थिति पर गर्व जताया और स्वदेशी वस्तुओं के उपयोग को बढ़ावा देने का आह्वान किया। मुख्यमंत्री ने नागरिकों को छोटी दीपावली, गोवर्धन पूजा और भाईदूज सहित पूरे पर्व की शुभकामनाएं दीं।