शिलांग/ इंदौर। स्टार समाचार वेब

राजा रघुवंशी हत्याकांड की मुख्य आरोपी सोनम रघुवंशी ने मीडिया से बातचीत के दौरान अपने ऊपर लग रहे तमाम आरोपों को सिरे से खारिज किया है। सोनम ने स्पष्ट किया कि वह नेपाल नहीं भागी हैं, बल्कि फिलहाल शिलांग में रह रही हैं। उन्होंने कहा, "जमानत की जो शर्तें कोर्ट ने तय की हैं, मैं उनका पूरी तरह पालन कर रही हूं। जब तक केस की सुनवाई पूरी नहीं हो जाती, तब तक मेरे इंदौर आने का कोई सवाल ही नहीं उठता।" सुरक्षा कारणों का हवाला देते हुए उन्होंने शिलांग में अपनी सटीक लोकेशन साझा करने से इनकार कर दिया।

मीडिया के सामने क्यों आना पड़ा?

यह सफाई तब आई है जब राजा रघुवंशी के भाई विपिन ने गंभीर आरोप लगाए थे कि सोनम देश छोड़कर नेपाल भाग गई हैं। विपिन ने सोनम के वकील के नेपाल से जुड़े होने का भी दावा किया था, जिसके बाद सोनम ने चुप्पी तोड़ते हुए अपनी मौजूदगी दर्ज कराई। हत्याकांड में अपनी भूमिका पर उन्होंने चुप्पी साधते हुए कहा कि मामला विचाराधीन है, इसलिए इस पर अभी कुछ भी कहना उचित नहीं होगा।

जमानत रद्द करने पर कोर्ट के फैसले का इंतजार

सरकार की ओर से सोनम की जमानत को चुनौती दी गई है। सरकारी पक्ष का तर्क है कि सोनम इस हत्याकांड में मुख्य साजिशकर्ता हैं और उन्होंने अपना जुर्म भी कबूल किया है। सरकारी वकील के अनुसार, केवल प्राथमिकी (FIR) में हुई किसी तकनीकी या टाइपिंग त्रुटि का लाभ आरोपी को नहीं मिलना चाहिए। फिलहाल इस मामले में सुनवाई पूरी हो चुकी है और कोर्ट का फैसला आना बाकी है। गौरतलब है कि इस मामले में अब तक सोनम समेत तीन आरोपियों को जमानत मिल चुकी है।

सीबीआई जांच की मांग पर अड़ा परिवार

दूसरी ओर, मृतक राजा रघुवंशी के भाई विपिन ने सिस्टम पर सवाल उठाते हुए मामले की निष्पक्ष जांच की मांग तेज कर दी है। उन्होंने कहा कि यह हत्याकांड न केवल चर्चित रहा है, बल्कि इसमें तीन राज्यों की पुलिस की संलिप्तता रही है। विपिन का आरोप है कि आरोपियों को जमानत मिलना न्याय प्रक्रिया के प्रति सवाल खड़ा करता है, इसलिए मामले की गंभीरता को देखते हुए अब सीबीआई से जांच कराई जानी चाहिए।