ट्विशा की संदिग्ध मौत मामला

CBI की जांच तेज AIIMS भोपाल में घंटों  पड़ताल 

भोपाल। स्टार समाचार वेब

ट्विशा की संदिग्ध मौत के मामले में केंद्रीय अन्वेषण ब्यूरो (CBI) ने अपनी जांच प्रक्रिया को और तेज कर दिया है। मंगलवार को दिल्ली से आई सीबीआई की एक विशेष टीम ने एम्स (AIIMS) भोपाल पहुंचकर पूरे घटनाक्रम की बारीकी से छानबीन की। टीम ने अस्पताल परिसर में लगभग दो घंटे तक रुककर मामले से जुड़े हर छोटे-बड़े साक्ष्य को खंगाला।

डॉक्टरों और मेडिकल स्टाफ से की पूछताछ

सीबीआई अधिकारियों ने अस्पताल में उस समय ड्यूटी पर तैनात डॉक्टरों और मेडिकल स्टाफ से आमने-सामने पूछताछ की। टीम का मुख्य उद्देश्य यह समझना था कि जब ट्विशा को अस्पताल लाया गया, तो उनकी मेडिकल स्थिति कैसी थी। इस दौरान अधिकारियों ने सभी संभावित मेडिकल एंगल पर डॉक्टरों के साथ विस्तृत चर्चा की और इलाज के दौरान बरती गई प्रक्रियाओं का ब्यौरा लिया।

पोस्टमार्टम रिपोर्ट के तकनीकी पहलुओं पर मंथन

जांच का एक बड़ा हिस्सा पोस्टमार्टम प्रक्रिया से जुड़ा रहा। सीबीआई की टीम ने उन डॉक्टरों के साथ विस्तार से चर्चा की जिन्होंने पोस्टमार्टम किया था। अधिकारियों ने पोस्टमार्टम रिपोर्ट तैयार करने के आधार, प्रक्रिया में अपनाए गए प्रोटोकॉल और मेडिकल जांच से जुड़े तमाम तकनीकी पहलुओं पर तीखे सवाल-जवाब किए। सीबीआई का प्रयास मामले से जुड़ी हर मेडिकल जटिलता को स्पष्ट करने का है ताकि जांच में किसी भी तरह की कोई चूक न रहे।