टी20 विश्व कप 2026 शुरू होने से पहले जोश हेजलवुड चोट के कारण बाहर हो गए हैं। पैट कमिंस की अनुपस्थिति और स्टार्क के संन्यास के बाद अब ऑस्ट्रेलिया बिना 'बिग थ्री' के मैदान में उतरेगा।
By: Star News
Feb 06, 20264:57 PM
नई दिल्ली/सिडनी। स्टार समाचार वेब
टी20 विश्व कप 2026 के आगाज से महज 24 घंटे पहले ऑस्ट्रेलियाई खेमे से एक निराशाजनक खबर सामने आई है। टीम के मुख्य तेज गेंदबाज जॉश हेजलवुड चोट के कारण पूरे टूर्नामेंट से बाहर हो गए हैं। ऑस्ट्रेलिया के लिए यह किसी बड़े झटके से कम नहीं है क्योंकि टीम के नियमित कप्तान और अनुभवी पेसर पैट कमिंस पहले ही टेस्ट क्रिकेट पर ध्यान केंद्रित करने के लिए इस विश्व कप से किनारा कर चुके हैं।
शुक्रवार, 6 फरवरी को ऑस्ट्रेलियाई चयनकर्ता टोनी डोडेमाइड ने हेजलवुड के बाहर होने की पुष्टि की। पहले ऐसी खबरें थीं कि हेजलवुड शुरुआती मैचों के बाद सुपर-8 चरण तक फिट हो सकते हैं, लेकिन मेडिकल रिपोर्ट के अनुसार उनकी रिकवरी में अभी काफी समय लगेगा। डोडेमाइड ने स्पष्ट किया कि विश्व कप जैसे बड़े मंच पर जोश की फिटनेस को लेकर कोई भी जोखिम लेना टीम के हित में नहीं होगा।
क्रिकेट इतिहास में यह पहला अवसर होगा जब ऑस्ट्रेलिया की मशहूर 'बिग थ्री' (कमिंस, स्टार्क और हेजलवुड) की तिकड़ी किसी आईसीसी टूर्नामेंट में नजर नहीं आएगी। मिचेल स्टार्क पहले ही इस फॉर्मेट को अलविदा कह चुके हैं। ऐसे में मिचेल मार्श की कप्तानी वाली इस टीम के पास अब अनुभव की भारी कमी होगी।
टीम मैनेजमेंट ने फिलहाल हेजलवुड के विकल्प (Replacement) की घोषणा नहीं की है। अब गेंदबाजी का पूरा दारोमदार नेथन एलिस, जेवियर बार्टलेट और बेन ड्वार्शुइस जैसे युवाओं पर होगा। स्पिन विभाग में एडम ज़म्पा और मैथ्यू कुहनेमान की जोड़ी को अतिरिक्त जिम्मेदारी निभानी होगी।
ऑस्ट्रेलिया टीम:
मिचेल मार्श (कप्तान), जेवियर बार्टलेट, कूपर कोनोली, टिम डेविड, बेन ड्वार्शुइस, कैमरन ग्रीन, नेथन एलिस, ट्रैविस हेड, जोश इंग्लिस, मैथ्यू कुहनेमान, ग्लेन मैक्सवेल, मैथ्यू रेनशॉ, मार्कस स्टोइनिस, एडम ज़म्पा।
ट्रैवलिंग रिजर्व: शॉन एबॉट।