मोबाइल नंबर जोड़ें और अपनी रेल यात्रा को और भी आसान बनाएं
भोपाल. स्टार समाचार वेब.
भारतीय रेलवे ने यात्रियों से टिकट बुक करते समय अपना मोबाइल नंबर ज़रूर देने की अपील की है। इससे यात्रियों को यात्रा से जुड़ी सभी ज़रूरी जानकारियाँ समय पर और सीधे उनके मोबाइल पर मिल सकेंगी।
मोबाइल नंबर रजिस्टर कराने से आपको कई फ़ायदे होंगे, जैसे:
-
PNR की स्थिति: आप अपनी टिकट का स्टेटस जान पाएँगे।
-
ट्रेन की जानकारी: आपको ट्रेन के आने-जाने के समय, उसके लेट होने और आपके कोच की जानकारी भी मिलेगी।
-
रिफंड की जानकारी: अगर आप टिकट कैंसिल करते हैं, तो रिफंड की जानकारी भी आपको तुरंत मिल जाएगी।
-
आपातकालीन अलर्ट: किसी भी आपात स्थिति में आपको तुरंत मदद मिल सकेगी।
-
अन्य सुविधाएँ: आप काउंटर टिकट ऑनलाइन कैंसिल कर पाएँगे और अपना बोर्डिंग स्टेशन भी बदल सकेंगे।
वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक श्री सौरभ कटारिया ने बताया कि आज के डिजिटल ज़माने में मोबाइल नंबर देना एक छोटा-सा काम है, लेकिन इससे यात्रियों को बड़ी सुविधा मिलती है। इससे रेलवे और यात्रियों के बीच सीधा संपर्क बना रहता है।
रेलवे प्रशासन ने यात्रियों से अपील की है कि वे टिकट बुक करते समय अपना मोबाइल नंबर ज़रूर दें, ताकि उनकी यात्रा से जुड़ी सभी जानकारी उनकी पहुँच में हो।