हैदराबाद से फुकेट जा रहे एयर इंडिया एक्सप्रेस के विमान (AXB938) की हार्ड लैंडिंग हुई। लैंडिंग गियर क्षतिग्रस्त होने से रनवे बंद करना पड़ा। जानें पूरी खबर और यात्रियों की स्थिति।
By: Star News
Mar 11, 20263:50 PM
फुकेट (थाईलैंड)। स्टार समाचार वेब
हैदराबाद से थाईलैंड के फुकेट जा रहे एयर इंडिया एक्सप्रेस (Air India Express) के एक विमान के साथ बड़ा हादसा होते-होते टल गया। विमान संख्या AXB938 की फुकेट हवाई अड्डे पर 'हार्ड लैंडिंग' (Hard Landing) करानी पड़ी, जिससे विमान के लैंडिंग गियर और अगले हिस्से को काफी नुकसान पहुँचा है। राहत की बात यह है कि विमान में सवार सभी 131 यात्री, 2 शिशु और चालक दल के 7 सदस्य पूरी तरह सुरक्षित हैं।
रिपोर्ट्स के अनुसार, विमान का निर्धारित समय सुबह 11:40 बजे था, लेकिन इसे 11:24 बजे ही उतार लिया गया। लैंडिंग के दौरान विमान की गति सामान्य से अधिक थी, जिसके कारण जमीन से टकराते समय दबाव बढ़ गया और बोइंग 737-800 (VT-BWQ) के लैंडिंग गियर में खराबी आ गई।
हादसे के बाद क्षतिग्रस्त विमान रनवे पर ही फंस गया, जिसे तुरंत हटाया नहीं जा सका। इस कारण हवाई अड्डा अधिकारियों ने शाम 6:00 बजे तक के लिए 'नोटम' (NOTAM - Notice to Airmen) जारी कर रनवे को अस्थायी रूप से बंद कर दिया है। इससे अन्य उड़ानों का संचालन भी प्रभावित हुआ है।
विमानन विशेषज्ञों के अनुसार, हार्ड लैंडिंग तब होती है जब विमान जमीन पर उतरते समय सामान्य से अधिक तेज गति या भारी दबाव के साथ टकराता है। इस स्थिति में विमान का ढांचा (Body) और लैंडिंग गियर उस तीव्र झटके को सहन नहीं कर पाते, जिससे तकनीकी क्षति होने का खतरा रहता है।