भोपाल के बैरागढ़ में 41 वर्षीय व्यापारी उमेश कुमार खत्री ने सुसाइड कर लिया। 2016 में पत्नी से तलाक और बच्चों से दूरी के कारण मानसिक तनाव की बात सामने आ रही है।
By: Ajay Tiwari
Mar 29, 20263:10 PM
भोपाल। स्टार समाचार वेब
राजधानी के उपनगर बैरागढ़ में रहने वाले 41 वर्षीय किराना व्यापारी उमेश कुमार खत्री ने रविवार तड़के अपने निवास स्थित दुकान में फांसी के फंदे पर झूलकर अपनी जीवनलीला समाप्त कर ली। उमेश, बैरागढ़ की नीलकंठ कॉलोनी (शिव मंदिर के पास) के निवासी थे।
प्राप्त जानकारी के अनुसार रविवार सुबह जब परिवार के सदस्य जगे, तो उमेश का शव दुकान के अंदर फंदे से लटका मिला। उनके भाई अजीत ने सबसे पहले शव को देखा और तुरंत शोर मचाया। पड़ोसियों और परिजनों की मदद से उन्हें फंदे से उतारकर तत्काल अस्पताल ले जाया गया, लेकिन डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। दोपहर को पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया है।
तलाक हो गया था उमेश का
परिजनों से मिली जानकारी के अनुसार, उमेश का जीवन संघर्षपूर्ण रहा था। उनकी शादी साल 2007 में हुई थी, लेकिन आपसी विवादों के चलते 2016 में पत्नी से तलाक हो गया। उनके दो बच्चे हैं, जो तलाक के बाद से अपनी मां के साथ रह रहे हैं। उमेश न केवल किराना दुकान चलाते थे, बल्कि एक फाइनेंस कंपनी के लिए रिकवरी एजेंट का काम भी करते थे।
सुसाइड नोट नहीं मिला
बैरागढ़ थाना पुलिस ने घटनास्थल की सघन तलाशी ली, लेकिन वहां से कोई सुसाइड नोट बरामद नहीं हुआ है। प्रारंभिक पूछताछ में परिजनों ने बताया कि पत्नी से अलग होने और बच्चों से दूर रहने के कारण उमेश अक्सर मानसिक तनाव और डिप्रेशन में रहते थे। पुलिस अब उनके मोबाइल कॉल डिटेल्स और अन्य संपर्कों की जांच कर रही है ताकि मौत के सटीक कारणों का पता लगाया जा सके।