तिरुवल्लूर में बड़ा हादसा : अमोनिया गैस रिसाव से हड़कंप
तिरुवल्लूर । स्टार समाचार वेब
तमिलनाडु के तिरुवल्लूर जिले में रविवार को 'सेंट पीटर्स पॉल सीफूड्स एक्सपोर्ट्स' यूनिट में अमोनिया गैस का भीषण रिसाव हुआ। इस दर्दनाक हादसे में दो महिला श्रमिकों की मौत हो गई है, जबकि 64 अन्य कर्मचारी प्रभावित हुए हैं। प्रभावितों में 60 महिलाएं और 4 पुरुष शामिल हैं। गंभीर रूप से बीमार 9 महिलाओं को वेंटिलेटर पर रखा गया है, जिन्हें बेहतर इलाज के लिए चेन्नई के सरकारी स्टेनली मेडिकल कॉलेज अस्पताल रेफर किया गया है।
अस्पतालों में चल रहा इलाज, 150 से अधिक कर्मचारी निगरानी में
घटना के बाद अफरा-तफरी का माहौल रहा और एंबुलेंस की कतारें लग गईं। जिला कलेक्टर एस. कविता ने बताया कि घायलों को वेल्स और वेंकटेश्वरा अस्पतालों में भर्ती कराया गया है। अधिकांश पीड़ित 24 से 25 वर्ष की युवा महिलाएं हैं। चिकित्सकों के अनुसार, कई मरीजों का ब्लड प्रेशर कम है, लेकिन उनकी कम उम्र को देखते हुए डॉक्टर उनके जल्द ठीक होने की उम्मीद जता रहे हैं। सरकार ने घायलों के समुचित इलाज के पुख्ता इंतजाम करने के निर्देश दिए हैं।
सीएम विजय का बड़ा कदम, तीन सदस्यीय समिति गठित
मुख्यमंत्री सी. जोसेफ विजय ने इस घटना को गंभीरता से लेते हुए तीन सदस्यीय जाँच समिति का गठन किया है। इस समिति में औद्योगिक सुरक्षा एवं स्वास्थ्य निदेशक, प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड के सदस्य सचिव और लोक स्वास्थ्य विभाग के अतिरिक्त निदेशक शामिल हैं। समिति को 24 घंटे के भीतर अंतरिम रिपोर्ट और 3 दिनों के भीतर अंतिम जाँच रिपोर्ट सौंपने का निर्देश दिया गया है। जाँच का मुख्य केंद्र गैस रिसाव के कारण और सुरक्षा मानकों में बरती गई लापरवाही का पता लगाना है।
पीड़ितों के लिए मुआवजे का ऐलान
राज्य सरकार ने इस दुखद हादसे पर संवेदना व्यक्त करते हुए मृतकों के परिजनों के लिए 2 लाख रुपये की आर्थिक सहायता की घोषणा की है। मुख्यमंत्री ने तिरुवल्लूर के निगरानी मंत्री (आईटी मंत्री) और वरिष्ठ आईएएस अधिकारी केपी कार्तिकेयन को तत्काल मौके पर पहुँचकर राहत और बचाव कार्यों की निगरानी करने का निर्देश दिया है। स्थानीय प्रशासन के साथ समन्वय कर घायलों को हर संभव चिकित्सा सहायता उपलब्ध कराई जा रही है।























