उज्जैन के वेदविद्या प्रतिष्ठान में एक छात्र को छड़ी से पीटे जाने का वीडियो वायरल हुआ है। बिस्तर बदलने जैसी मामूली बात पर शिक्षक ने छात्र को बुरी तरह पीटा। जानें इस घटना की पूरी सच्चाई।
By: Ajay Tiwari
Mar 22, 20266:41 PM
उज्जैन। स्टार समाचार वेब
उज्जैन के चिंतामन गणेश मंदिर मार्ग स्थित राष्ट्रीय आदर्श वेदविद्या विद्यालय का एक वीडियो शनिवार को वायरल हुआ। इस वीडियो में सामवेद राणायनी शाखा के अध्यापक दत्तदास शेवडे एक छात्र को छड़ी से बुरी तरह पीटते हुए दिखाई दे रहे हैं। जानकारी के अनुसार, विवाद की वजह बेहद मामूली थी— छात्र किसी दूसरे छात्र के बिस्तर पर सो गया था। इसी बात से नाराज होकर शिक्षक ने उस पर ताबड़तोड़ छड़ियाँ बरसानी शुरू कर दीं।
वीडियो में देखा जा सकता है कि छात्र हर छड़ी के साथ दर्द से बिलख रहा है और खुद को बचाने की गुहार लगा रहा है, लेकिन शिक्षक का दिल नहीं पसीजा। कमरे में मौजूद ही किसी व्यक्ति ने इस पूरी घटना को कैमरे में कैद कर लिया।
न सफाई, न पुलिस में शिकायत
चौंकाने वाली बात यह है कि वीडियो वायरल होने के बाद भी संस्थान के किसी जिम्मेदार अधिकारी ने सामने आकर स्पष्टीकरण नहीं दिया है और न ही शनिवार रात तक इस मामले में कोई औपचारिक पुलिस शिकायत दर्ज कराई गई है।
वेदविद्या प्रतिष्ठान एक आवासीय विद्यालय है, जहाँ देशभर से बच्चे वेदों की शिक्षा लेने आते हैं। यहाँ छात्रों के लिए ब्रह्म मुहूर्त में उठना और संध्यावंदन करना अनिवार्य है। हालांकि, वार्डन और शिक्षकों की जिम्मेदारी छात्रों के स्वास्थ्य और अनुशासन की देखभाल करना है, लेकिन 'अनुशासन' के नाम पर इस तरह की शारीरिक प्रताड़ना ने अभिभावकों और समाज में रोष पैदा कर दिया है।