By: Arvind Mishra
Mar 05, 202610:05 AM
रतलाम। स्टार समाचार वेब
मध्य प्रदेश के रतलाम जिले में एक चौंकाने वाली घटना सामने आई है। ट्रेन यात्रा के दौरान एक जज की पत्नी की वॉशरूम में मौत हो गई। घटना कांचीगुड़ा-भगत की कोठी एक्सप्रेस (ट्रेन नंबर 17606) में हुई, जहां महिला को अचानक साइलेंट अटैक आने की आशंका जताई जा रही है। इस दर्दनाक घटना के बाद अतिरिक्त जिला न्यायाधीश राजकुमार चौहान अपनी पत्नी का शव लेकर पैतृक गांव के लिए रवाना हो गए। अचानक हुई इस घटना से हर कोई स्तब्ध है। दरअसल, अतिरिक्त जिला न्यायाधीश राजकुमार चौहान और उनकी पत्नी उषा चौहान जोधपुर से निंबाहेड़ा जा रहे थे। दोनों पति-पत्नी ट्रेन में अलग-अलग कोच में सफर कर रहे थे। निंबाहेड़ा पहुंचने से पहले उषा चौहान ने अपने पति को फोन कर बताया कि वह वॉशरूम जा रही हैं। इसके बाद जब ट्रेन निंबाहेड़ा स्टेशन पहुंची तो जज राजकुमार चौहान ट्रेन से उतर गए, लेकिन उनकी पत्नी बाहर नहीं आईं।
पुलिस को दी गई सूचना
पत्नी के ट्रेन से नहीं उतरने पर राजकुमार चौहान को चिंता हुई। उन्होंने तुरंत इस बात की सूचना रेलवे पुलिस को दी। इसके बाद रेलवे पुलिस ने ट्रेन को मंदसौर में रुकवाया, लेकिन वहां वॉशरूम का दरवाजा नहीं खोला जा सका।
दरवाजा तोड़कर निकाला शव
बाद में रतलाम जिले के जावरा अनुभाग में पुलिस ने ट्रेन रुकवाकर वॉशरूम का दरवाजा तोड़ा। अंदर देखने पर उषा चौहान का शव पड़ा मिला। इसके बाद उन्हें अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने बताया कि संभवत: उन्हें साइलेंट अटैक आया था।